गोतस्करी में पुलिसकर्मी की संलिप्तता उजागर, निलंबित आरक्षी गिरफ्तार

42

गोतस्करी में पुलिसकर्मी की संलिप्तता उजागर, निलंबित आरक्षी गिरफ्तार

चन्दौली : जनपद में अपराध और भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही सख्त कार्रवाई के बीच चन्दौली पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गोतस्करों की मदद करने वाले एक निलंबित आरक्षी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर गोतस्करी में सहयोग देने और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप हैं।

पुलिस के अनुसार, थाना इलिया में पंजीकृत गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम से जुड़े मामले की जांच के दौरान यह खुलासा हुआ। प्रभारी निरीक्षक विजय बहादुर सिंह और थानाध्यक्ष चन्दन कुमार राय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों जैसे मोबाइल फोन, व्हाट्सएप कॉल और चैट की जांच की। इसमें एक पुलिसकर्मी की संलिप्तता सामने आई।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सत्येन्द्र यादव (26 वर्ष), निवासी ग्राम सुडारी, थाना अकबरपुर, जनपद अम्बेडकरनगर के रूप में हुई है। वह वर्तमान में चकरघट्टा थाना में तैनात था, लेकिन पहले से ही निलंबित चल रहा था। पुलिस ने उसे 12 अप्रैल 2026 की शाम करीब 7:30 बजे अम्बेडकरनगर के सम्मनपुर थाना क्षेत्र स्थित पलई बाजार से गिरफ्तार किया।

जांच में सामने आया कि आरोपी आरक्षी गोतस्करों को चन्दौली बॉर्डर पार कराने में मदद करता था। वह पुलिस की गतिविधियों, गश्त और सुरक्षित रास्तों की जानकारी तस्करों तक पहुंचाता था, जिससे वे आसानी से अवैध गतिविधियों को अंजाम दे सकें। इसके बदले वह ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से धन वसूलता था।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी पहले से ही सैयदराजा थाने में दर्ज भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के मामले में वांछित था। उसके खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और बीएनएस की विभिन्न धाराओं में भी मुकदमे दर्ज हैं।

गोतस्करी के खिलाफ पुलिस की सख्ती जारी

चन्दौली पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2025 में गोतस्करी के 162 मामलों में 410 अभियुक्तों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। इस दौरान 1297 गोवंश, 90 किलोग्राम गोमांस और 178 वाहन बरामद किए गए। साथ ही 17 आरोपियों पर गुंडा एक्ट और 9 मामलों में गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। एक मामले में करीब 73.96 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई।

वहीं वर्ष 2026 में अब तक 46 मामलों में 127 अभियुक्तों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 345 गोवंश और 55 वाहन बरामद किए जा चुके हैं। पुलिस ने एक आरोपी के खिलाफ गुंडा एक्ट की कार्रवाई की है, एक की हिस्ट्रीशीट खोली गई है और गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई जारी है। इस वर्ष अब तक एक मामले में 22.38 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

पुलिस का संदेश साफ – अपराध और भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं

इस कार्रवाई से साफ है कि चन्दौली पुलिस न सिर्फ बाहरी अपराधियों पर, बल्कि विभाग के भीतर छिपे भ्रष्ट तत्वों पर भी सख्ती से कार्रवाई कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।