टैंकर का लॉक तोड़कर डीजल चोरी करते पकड़े गए चालक व सहयोगी, पुलिस ने किया गिरफ्तार

35

टैंकर का लॉक तोड़कर डीजल चोरी करते पकड़े गए चालक व सहयोगी, पुलिस ने किया गिरफ्तार

चंदौली : जनपद में अपराध व अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना अलीनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने टैंकर का लॉक तोड़कर डीजल चोरी करते हुए चालक समेत उसके सहयोगी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। मौके से टैंकर वाहन, चोरी का डीजल और उपकरण भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, उच्चाधिकारियों के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक अलीनगर घनश्याम शुक्ल के नेतृत्व में टीम द्वारा कार्रवाई की गई। जांच के दौरान पता चला कि भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड के एक टैंकर (संख्या WB11C5594) से चालक और उसका सहयोगी लॉक तोड़कर अवैध रूप से डीजल निकाल रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शोएब अहमद (36 वर्ष) पुत्र साहब अहमद तथा प्रद्दुम (23 वर्ष) पुत्र स्व. बाबूलाल, दोनों निवासी ग्राम रेमा थाना अलीनगर, जनपद चंदौली के रूप में हुई है।

पुलिस ने मौके से टैंकर के अलावा एक प्लास्टिक की बाल्टी में करीब 8 लीटर डीजल, तीन मीटर लंबी पाइप और तेल निकालने के अन्य उपकरण बरामद किए हैं।

इस मामले में पूर्ति निरीक्षक से प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना अलीनगर में मुकदमा संख्या 219/2026, धारा 305(b), 334(2), 317(2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

गिरफ्तारी की कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक घनश्याम शुक्ल, उपनिरीक्षक सभाजीत यादव, कांस्टेबल प्रवेश सिंह, पूर्ति निरीक्षक ममता सिंह एवं आपूर्ति विभाग के कनिष्ठ सहायक चन्द्रशेखर भारती की अहम भूमिका रही।