चंदौली में ट्रैक्टर-ट्राली चोरी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार
चंदौली : जनपद के बलुआ थाना क्षेत्र में हुई ट्रैक्टर-ट्राली चोरी की घटना का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के दो ट्रैक्टर और एक ट्राली भी बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, बलुआ थाना क्षेत्र के ग्राम चकिया बिहारी मिश्र निवासी प्रभुनारायण गुप्ता ने 11 अप्रैल 2026 को अज्ञात चोरों द्वारा उनके ट्रैक्टर व ट्राली चोरी किए जाने की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। इस संबंध में थाना बलुआ पर मु.अ.सं. 87/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत कर पुलिस जांच में जुट गई थी।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों से पूछताछ की। इसी क्रम में 12/13 अप्रैल की रात चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मारूफपुर के पास गंगा नदी किनारे से चोरी गए ट्रैक्टर-ट्राली के साथ तीन आरोपियों को धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रकाश राम (28) निवासी सम्मनपुर थाना नंदगंज जनपद गाजीपुर, पंकज कश्यप (28) निवासी नैसारा थाना नंदगंज तथा बिरजू कश्यप (22) निवासी नेसारा थाना नंदगंज के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही उनके अन्य आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से चोरी के दो ट्रैक्टर और एक ट्राली बरामद की गई है, जिनमें एक अन्य चोरी का ट्रैक्टर भी शामिल है।
इस सफलता में थाना बलुआ के थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अनंत भार्गव, अमित सिंह, जितेंद्र बहादुर सिंह सहित पुलिस टीम के अन्य जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


















