स्विफ्ट डिजायर कार से गेहूं चोरी कर भाग रहे युवक गिरफ्तार, पुलिस ने बरामद किया माल, स्थानीय व्यक्ति की सूझबूझ से चढ़े पुलिस के हत्थे

222

स्विफ्ट डिजायर कार से गेहूं चोरी कर भाग रहे युवक गिरफ्तार, पुलिस ने बरामद किया माल, स्थानीय व्यक्ति की सूझबूझ से चढ़े पुलिस के हत्थे

चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र के मारूफपुर चौकी अंतर्गत हसनपुर-तीरगांवा गांव में शनिवार की देर रात चोरी की एक घटना सामने आई। चोर स्विफ्ट डिजायर कार से घर में रखा गेहूं चोरी कर फरार हो गए, लेकिन स्थानीय व्यक्ति की सतर्कता के चलते पुलिस ने कुछ ही देर में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी हीरालाल यादव ने अपने घर में गेहूं रखा था। देर रात चोर कार से पहुंचे और तीन बोरा गेहूं लादकर फरार हो गए। घर के सामने मौजूद एक व्यक्ति ने उन्हें जाते देखा, लेकिन उसे लगा कि गेहूं किसी को दिया जा रहा है।

कुछ देर बाद जब मकान मालिक ने दरवाजा खुला देखा और आसपास जानकारी की, तब उक्त व्यक्ति ने बताया कि वह गेहूं ले जाने वालों को पहचानता है। इसके बाद तत्काल डायल 112 पर सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही सक्रिय हुई पुलिस ने बताए गए स्थान पर छापेमारी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया, जो एक स्थान पर बैठकर शराब पी रहे थे। पुलिस ने उनके पास से कार में रखे तीन बोरा गेहूं भी बरामद कर लिया।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान तारगांव निवासी उत्कर्ष त्रिपाठी और मारूफपुर निवासी अनुज पांडेय के रूप में हुई है। रविवार को दोनों को मारूफपुर चौकी से बलुआ थाने लाया गया, जहां उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार को भी कब्जे में ले लिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।