रेलवे फाटक के पास ट्रक की चपेट में आई महिला, मौके पर मौत से मचा कोहराम, पुलिस अग्रिम कार्रवाई में जुटी

106

रेलवे फाटक के पास ट्रक की चपेट में आई महिला, मौके पर मौत से मचा कोहराम, पुलिस अग्रिम कार्रवाई में जुटी

चंदौली : सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के भोजापुर रेलवे क्रॉसिंग पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद काफी देर तक शव घटनास्थल पर पड़ा रहा, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, घरचित गांव निवासी राजकुमार गोंड गुजरात में निजी नौकरी करते हैं। उनकी पत्नी अंजू गोंड (40) रविवार सुबह अपने मायके सैयदराजा से भाई आशुतोष गोंड के साथ बाइक से ससुराल लौट रही थीं। सुबह करीब 7 बजे जैसे ही वे भोजापुर रेलवे फाटक के पास पहुंचे, तभी एक तेज रफ्तार डीसीएम ट्रक की चपेट में आने से अंजू की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भयावह था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते लोगों की भारी भीड़ जुट गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

मृतका के परिवार में पति के अलावा एक बेटा विशाल (22) और दो बेटियां अंजली (18) व तनु (16) हैं। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण अभी तक बच्चों की शादी नहीं हो सकी है। इस हादसे के बाद पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि क्षेत्र में यातायात नियमों का पालन नहीं कराया जाता। न तो हेलमेट चेकिंग होती है और न ही ओवरलोडिंग या तीन सवारी पर कोई सख्ती दिखाई देती है, जिसके चलते आए दिन ऐसे हादसे होते रहते हैं।

वहीं, एएसपी स्नेहा तिवारी के अनुसार रेलवे क्रॉसिंग बंद था और खुलने के बाद बाइक सवार आगे बढ़े। इसी दौरान बाइक पर बैठी अंजू असंतुलित होकर सड़क पर गिर गईं और पीछे से आ रहे डीसीएम ट्रक की चपेट में आ गईं। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक मौके से फरार हो गया है, जिसकी तलाश जारी है।

गौरतलब है कि इससे पहले शुक्रवार रात खड़ेहरा गांव निवासी रामाश्रय राय की भी सड़क हादसे में मौत हो चुकी है, जिससे क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।