नाबालिग से दुष्कर्म और खाते से 45 हजार की निकासी, दो आरोपी गिरफ्तार

146

नाबालिग से दुष्कर्म और खाते से 45 हजार की निकासी, दो आरोपी गिरफ्तार

चंदौली : जिले के बलुआ थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म करने और उसकी मां के बैंक खाते से 45 हजार रुपये निकालने का आरोप लगा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली नाबालिग लड़की को पड़ोसी गांव के युवक ने 2 अप्रैल की रात फोन कर घर से बुलाया। आरोप है कि युवक ने उसे बहला-फुसलाकर अपने पास बुलाया और उसके साथ जबरन पति-पत्नी जैसे शारीरिक संबंध बनाए। घटना के बाद भोर करीब 4 बजे युवक ने अपने साथी सौरभ के साथ लड़की को उसके घर के पास छोड़ दिया।

उधर, रात में बेटी के घर न पहुंचने पर परेशान परिजनों ने तत्काल 112 नंबर पर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और लड़की के मोबाइल पर संपर्क करने लगी, तभी वह घर लौट आई। इसके बाद लड़की के पिता ने शुक्रवार शाम बलुआ थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि आरोपी युवक ने उनकी नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म किया और साथ ही उनकी पत्नी के बैंक खाते से 45 हजार रुपये भी निकाल लिए।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया। इस संबंध में बलुआ थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ बीएनएस और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।