चंदौली में निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज का स्लैब गिरा, मची अफरा-तफरी, गुणवत्ता पर उठे सवाल
चंदौली : सदर कोतवाली क्षेत्र के बनौली खुर्द गांव के पास हावड़ा-गया रेल रूट पर निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज (ROB) का स्लैब ढलाई के दौरान अचानक भरभराकर गिर गया। इस हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और वहां काम कर रहे मजदूरों में भगदड़ की स्थिति बन गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्लैब की ढलाई का कार्य चल रहा था, तभी अचानक पूरी संरचना कमजोर पड़ गई और भारी भरकम स्लैब नीचे आ गिरा। हादसे में करीब तीन मजदूरों के घायल होने की आशंका जताई जा रही है, जिन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में भारी लापरवाही और घटिया सामग्री के उपयोग का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि निर्माण कार्य बिना किसी सक्षम इंजीनियर की निगरानी के कराया जा रहा था, जिससे इस तरह का हादसा हुआ।
हादसे के तुरंत बाद ठेकेदार और निर्माण से जुड़े जिम्मेदार लोग मौके से फरार हो गए, जिससे लोगों का गुस्सा और बढ़ गया। ग्रामीणों ने मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इस घटना को लेकर पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने भी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में निर्माण कार्यों में व्यापक भ्रष्टाचार हो रहा है, जिसके चलते इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं और आम लोगों की जान खतरे में पड़ रही है।
वहीं, मामले पर जानकारी देते हुए एडिशनल एसपी अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि फिलहाल एक मजदूर के घायल होने की पुष्टि हुई है। पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी हुई है और पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच की जा रही है।
फिलहाल प्रशासन ने इलाके को सुरक्षित करते हुए निर्माण कार्य को रोक दिया है। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।


















