चंदौली में पुरानी रंजिश में खूनी संघर्ष, एक ही परिवार के छह से अधिक लोग घायल, पुलिस जांच में जुटी
चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र के सेवढ़ी-हुदहुदीपुर गांव में पुरानी रंजिश को लेकर शनिवार दोपहर दो पक्षों के बीच मारपीट खूनी संघर्ष में बदल गई। लाठी-डंडों से हुए हमले में एक ही परिवार के आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को उपचार के लिए चहनियां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने एक युवक की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
बताया जाता है कि सेवढ़ी-हुदहुदीपुर गांव निवासी दो सगे भाइयों छोटन राय और मोहन राय के यहां शुक्रवार को तेरही का कार्यक्रम था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी और गाली-गलौज होने लगी। आरोप है कि मोहन राय की ओर से लालचंद राय का बड़ा बेटा अरविंद राय, जो सेना में कार्यरत है, भी विवाद में शामिल हो गया। मौके पर मौजूद परिजनों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया और कार्यक्रम संपन्न हो गया।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि अगले दिन शनिवार की सुबह अरविंद राय, उसके पिता लालचंद राय, लवकुश राय और धर्मेंद्र राय समेत अन्य लोग लाठी-डंडे लेकर राजेश राय के घर पहुंच गए और हमला कर दिया। हमलावरों ने घर में मौजूद महिलाओं और बच्चों के साथ भी मारपीट की।
इस हमले में 24 वर्षीय गौतम राय, 53 वर्षीय जवाहिर राय, 60 वर्षीय छोटन राय, 27 वर्षीय संदीप राय, 17 वर्षीय राधिका और 32 वर्षीय लक्ष्मीना देवी सहित कई लोग घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तत्काल बलुआ पुलिस को सूचना दी।
पुलिस और ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को उपचार के लिए चहनियां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गौतम राय को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बलुआ थाना प्रभारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों को थाने लाकर मामले की जांच की गई। इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर मारपीट करने वाले आरोपितों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेज दिया गया।


















