बाबा कीनाराम जी की जन्मस्थली के जीर्णोद्धार की शुरुआत, रामगढ़ में बनेगा मंदिर व श्रद्धालुओं के लिए हाल
चंदौली : चहनियाँ क्षेत्र के रामगढ़ गांव स्थित संत शिरोमणि बाबा कीनाराम जी की जन्मस्थली (पैतृक भवन) के जीर्णोद्धार और विकास का कार्य शुरू हो गया है। लंबे समय से जर्जर होकर खंडहर में तब्दील हो चुके पुराने भवन के मलबे की सफाई कर परिसर को व्यवस्थित किया गया है और अब यहां नए भवन के निर्माण की तैयारी तेज हो गई है। यह पहल बाबा कीनाराम जी के परिवार के लोगों द्वारा की जा रही है, जिसमें गांव के समाजसेवियों और श्रद्धालुओं का भी भरपूर सहयोग मिल रहा है।
बताया जाता है कि जन्मस्थली परिसर में वर्षों से खड़ा एक विशालकाय पीपल का पेड़ और जर्जर भवन के कारण पूरा परिसर अव्यवस्थित हो गया था। गांव के समाजसेवी त्रिभुवन सिंह के प्रयास से जेसीबी मशीन लगवाकर उस पेड़ को हटवाया गया और पूरे परिसर की साफ-सफाई कराई गई। इसके बाद अब जन्मस्थली स्थल को व्यवस्थित और विकसित करने का कार्य तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
बाबा कीनाराम जी के परिवार के मदनमोहन सिंह, बालमोहन सिंह और पप्पू सिंह द्वारा यहां नए भवन का निर्माण कराया जा रहा है। इसके साथ ही मंदिर निर्माण, श्रद्धालुओं के लिए एक बड़ा हाल (हॉल) तथा पेयजल की सुविधा के लिए हैंडपंप सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी कराने की योजना बनाई गई है। इससे यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा मिल सकेगी और यह पवित्र स्थल अधिक व्यवस्थित रूप में विकसित हो सकेगा।
लोकनाथ महाविद्यालय के प्रबंधक एवं बाबा कीनाराम जी के वंशज धनंजय सिंह ने बताया कि यह पुराना घर बाबा कीनाराम जी के जन्मकाल का है और इसे अत्यंत पवित्र स्थल माना जाता है। यहां आने वाले श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक शांति की अनुभूति होती है तथा दर्शन मात्र से ही लोगों की मनोकामनाएं पूर्ण होने की मान्यता है।
इस पुनीत कार्य में धनंजय सिंह, प्रभुनारायण सिंह लल्ला, प्रदीप कुमार सिंह, वरिष्ठ अधिवक्ता समित सिंह, त्रिभुवन सिंह, युवा अध्यक्ष उमेश सिंह, प्रभुनाथ पांडेय, जय सिंह, अमित सिंह और गुड्डू सिंह सहित कई लोग सक्रिय रूप से अपना समय और सहयोग दे रहे हैं। सभी लोग मिलकर जन्मस्थली के सौंदर्यीकरण और विकास के लिए लगातार प्रयासरत हैं।


















