डैडीज़ स्कूल की सामाजिक पहल, अयोध्या धाम के लिए एक बार फिर चली मुफ्त तीर्थयात्रा बस

26

डैडीज़ स्कूल की सामाजिक पहल, अयोध्या धाम के लिए एक बार फिर चली मुफ्त तीर्थयात्रा बस

चंदौली : शिक्षा के साथ समाज सेवा और संस्कारों की मिसाल बन चुके डैडीज़ इंटरनेशनल स्कूल एंड हॉस्टल, बिशुनपुरा कांटा, जनपद चंदौली की ओर से शनिवार को एक बार फिर अयोध्या धाम के लिए निःशुल्क तीर्थयात्रा बस सेवा रवाना की गई। यह वातानुकूलित ट्रैवेलर बस शनिवार, 31 जनवरी 2026 को विद्यालय परिसर से श्रद्धालुओं को लेकर अयोध्या धाम के लिए प्रस्थान कर गई। यह सेवा अब तक बारहवीं बार संचालित की गई है।

समाज सेवा की नई पहचान बना डैडीज़ इंटरनेशनल स्कूल

इस पुनीत सामाजिक एवं धर्मार्थ पहल का संचालन एलटीपी कैलकुलेटर के आविष्कारक, शेयर मार्केट एवं आर्थिक मामलों के विशेषज्ञ तथा डैडीज़ इंटरनेशनल स्कूल के संस्थापक डॉ. विनय प्रकाश तिवारी के निर्देशन में किया जा रहा है। सीबीएसई बोर्ड से इंटरमीडिएट स्तर तक संचालित विद्यालय द्वारा यह निःशुल्क बस सेवा प्रत्येक माह नियमित रूप से चलाई जा रही है, जो क्षेत्र में समाज सेवा का एक अनुकरणीय उदाहरण बन चुकी है।

ऐसी सेवाएं समाज को जोड़ने का कार्य करती हैं

तीर्थयात्रा पर निकले श्रद्धालुओं ने विद्यालय परिसर का भ्रमण कर शैक्षणिक वातावरण, आधुनिक संसाधनों एवं सुविधाओं की सराहना की तथा इस निःशुल्क सेवा के लिए विद्यालय प्रबंधन को आशीर्वाद प्रदान किया। श्रद्धालुओं ने कहा कि ऐसे कार्य समाज में सकारात्मक सोच और आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं।

मथुरा के बाद अब खजुराहो और मैहर देवी धाम की योजना

विद्यालय प्रबंधन ने जानकारी दी कि इससे पूर्व यह निःशुल्क बस सेवा अयोध्या के साथ-साथ मथुरा धाम तक भी संचालित की जा चुकी है। आने वाले समय में खजुराहो, मैहर देवी धाम (सतना) सहित अन्य प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों की तीर्थयात्रा कराने की भी योजना प्रस्तावित है।

सेवा और सामाजिक एकता ही सच्चा धर्म – डॉ. विनय प्रकाश तिवारी

इस अवसर पर संस्थापक डॉ. विनय प्रकाश तिवारी ने कहा कि धर्म कार्य केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि समाज को जोड़ना, सेवा करना और लोगों को आध्यात्मिक शांति का अवसर देना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि राम मंदिर दर्शन प्रत्येक श्रद्धालु की आस्था से जुड़ा विषय है और विद्यालय का उद्देश्य है कि आर्थिक अभाव के कारण कोई भी श्रद्धालु इस पवित्र दर्शन से वंचित न रहे।

डॉ. तिवारी ने आगे कहा कि डैडीज़ इंटरनेशनल स्कूल शिक्षा के साथ-साथ संस्कार, सामाजिक जिम्मेदारी और सेवा भाव को भी अपने दायित्व के रूप में निभाता रहेगा। यही सोच विद्यालय को एक शैक्षणिक संस्था से आगे बढ़कर समाज सेवा का केंद्र बनाती है।

ये रहे मौजूद

इस अवसर पर विद्यालय परिवार एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। प्रमुख रूप से बंशीधर तिवारी, प्रधानाचार्य अजय कुमार श्रीवास्तव, सत्यप्रकाश तिवारी, हरिओम पाण्डेय, रामप्रसाद साव, राजेन्द्र साव, रामदहिन, नन्दू प्रसाद, दीपक, अनुराग, चन्द्रवास पाण्डेय, आशा पाण्डेय, रेखा पाण्डेय, कांति देवी सहित विनीत दुबे, सुमित वर्मा, अमित शुक्ला, पवन तिवारी, पुष्पा गिरि एवं विद्यालय परिवार के अनेक सदस्य मौजूद रहे।