रविदास जयंती पर इटवां गांव में भव्य आयोजन, उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार होंगे शामिल

52

रविदास जयंती पर इटवां गांव में भव्य आयोजन, उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार होंगे शामिल

चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र के इटवां गांव में आज संत शिरोमणि गुरु रविदास की जयंती श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई जा रही है। इस अवसर पर आयोजित भव्य कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार बतौर मुख्य अतिथि शामिल हो रहे हैं।

जानकारी के अनुसार उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार का सुबह 11 बजे इटवां गांव में आगमन प्रस्तावित है। वे जयंती समारोह में शामिल होने के साथ ही क्षेत्रीय लोगों से सीधे संवाद करेंगे और उनकी समस्याओं को सुनकर मौके पर ही निराकरण का प्रयास करेंगे। इससे ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

कार्यक्रम को लेकर गांव में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आयोजन स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। संत रविदास के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके विचारों और संदेशों पर चर्चा की जाएगी। आयोजकों का कहना है कि गुरु रविदास की शिक्षाएं सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे का संदेश देती हैं, जिसे आत्मसात करना आज के समय में बेहद जरूरी है।

उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार के आगमन से ग्रामीणों को अपनी समस्याएं सीधे शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि उनकी वर्षों पुरानी समस्याओं का समाधान इस दौरान संभव हो सकेगा।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति की संभावना है। पूरे क्षेत्र में रविदास जयंती को लेकर उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है।