चंदौली में 400 साल पुरानी राधा-कृष्ण मूर्ति चोरी, ग्रामीणों में भारी आक्रोश, पुलिस जांच में जुटी

58

चंदौली में 400 साल पुरानी राधा-कृष्ण मूर्ति चोरी, ग्रामीणों में भारी आक्रोश, पुलिस जांच में जुटी

चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहरगंज पुलिस चौकी के रमौली बाजार स्थित राधा-कृष्ण के प्राचीन मंदिर में सोमवार रात एक सनसनीखेज चोरी की घटना सामने आई। अज्ञात चोर मंदिर से लगभग 400 वर्ष पुरानी भगवान राधा-कृष्ण की ऐतिहासिक मूर्ति को चुरा ले गए। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

ग्रामीणों के अनुसार यह मंदिर न सिर्फ धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान भी है। चौंकाने वाली बात यह है कि करीब 10 वर्ष पूर्व भी चोर भगवान कृष्ण की मूर्ति चोरी कर ले गए थे, जिसके बाद ग्रामीणों द्वारा दूसरी मूर्ति स्थापित कर पूजा-अर्चना शुरू की गई थी। अब उसी स्थापित मूर्ति को भी चोरों ने निशाना बना लिया, जिससे लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं।

घटना की सूचना मिलते ही मोहरगंज पुलिस चौकी व बलुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मंदिर परिसर का गहन निरीक्षण शुरू किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की, साथ ही चोरी के तरीकों और संभावित रास्तों की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया यह मामला सुनियोजित चोरी का प्रतीत हो रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि मंदिर क्षेत्र में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं, जिसका फायदा चोर बार-बार उठा रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए, सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं और रात में नियमित गश्त बढ़ाई जाए।

इस घटना को लेकर ग्रामीणों में गहरा रोष है। ग्रामीणों ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि यदि जल्द से जल्द इस चोरी का खुलासा नहीं हुआ और दोषियों पर कठोर कार्रवाई नहीं की गई, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है और जल्द खुलासे का भरोसा दिलाया है। पूरे इलाके में इस घटना को लेकर तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है, वहीं श्रद्धालुओं में दुख और नाराजगी दोनों देखने को मिल रही है।