मोहरगंज ब्लास्ट कांड में पुलिस का सख्त रुख, फरार आरोपियों पर इनाम 25 से बढ़ाकर 50 हजार
चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र के मोहरगंज में हुए सनसनीखेज ब्लास्ट मामले में फरार चल रहे दोनों मुख्य आरोपियों पर पुलिस ने शिकंजा कसते हुए इनाम की राशि दोगुनी कर दी है। अब इन दोनों आरोपियों पर 25-25 हजार नहीं बल्कि 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। पुलिस लगातार दबिश दे रही है, लेकिन दोनों अभी तक गिरफ्त से बाहर हैं।
ये था पूरा मामला
यह पूरा मामला 22 दिसंबर की रात का है। चहनियां-धानापुर मुख्य मार्ग पर स्थित मोहरगंज में खुशबू किन्नर का निजी और बड़ा मकान है, जिसमें करीब दो दर्जन किन्नर रहते हैं। घटना वाली रात कुछ किन्नर सो रहे थे, जबकि कुछ जागकर मोबाइल चला रहे थे। रात करीब साढ़े बारह बजे अचानक मकान के पिछले हिस्से में जोरदार धमाका हुआ। बदमाशों ने इलेक्ट्रिक वायर के माध्यम से विस्फोटक लगाकर इस वारदात को अंजाम दिया था।
धमाका इतना भीषण था कि मकान की दीवार भरभराकर गिर गई। धमाके की चपेट में आकर घर में सो रही तीन किन्नर लवली, सोनी और मोनी मामूली रूप से घायल हो गईं। विस्फोट की ताकत का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि तीनों अपने-अपने बेड से उछलकर बगल में स्थित झाड़ियों में जा गिरीं और करीब पंद्रह मिनट तक बेहोश रहीं। पूरे मकान में धुआं भर गया, जिससे अफरा-तफरी मच गई।
अचानक हुए धमाके से सहमी किन्नर समुदाय की महिलाएं रोती-चिल्लाती हुई घर के बाहर निकल आईं। कुछ किन्नरों ने मोबाइल की रोशनी और टॉर्च की मदद से बेहोश पड़ी तीनों किन्नरों को बाहर निकाला। गनीमत रही कि उन्हें गंभीर चोट नहीं आई, केवल हल्की चोटें दर्ज की गईं। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग भी अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए।
सूचना मिलते ही बलुआ पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया। इस मामले में पुलिस अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि दो मुख्य अभियुक्त फरार चल रहे हैं।
अब 25 नहीं, 50-50 हजार रुपये का ऐलान
कुछ दिन पहले पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था और सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखने के निर्देश भी जारी किए थे। इसके बावजूद आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर रहे। अब उनकी गिरफ्तारी को लेकर पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए इनाम की राशि बढ़ाकर 50-50 हजार रुपये कर दी है।
दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई
इस संबंध में बलुआ थाना प्रभारी अतुल कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर फरार आरोपियों पर घोषित इनाम की राशि बढ़ा दी गई है। पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। मोहरगंज ब्लास्ट की यह घटना न सिर्फ इलाके की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि किन्नर समुदाय की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर चिंता पैदा करती है। पुलिस का कहना है कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा।


















