तेज रफ्तार अनियंत्रित कार घर में घुसी, सो रहे दंपती घायल घर का बरामदा क्षतिग्रस्त, गृहस्थी का सामान व बकरी भी हुई घायल
चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र के सराय रसूलपुर गांव में रविवार की रात तेज रफ्तार अनियंत्रित कार सड़क किनारे स्थित एक घर में जा घुसी। हादसे में बरामदे में सो रहे पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि घर का बरामदा क्षतिग्रस्त हो गया और पंखा, साइकिल, चारपाई समेत गृहस्थी का काफी सामान टूटकर बर्बाद हो गया। वहीं, घर के पास बंधी बकरी का पैर भी टूट गया।
सराय रसूलपुर निवासी वहाबुद्दीन अपने परिवार के साथ घर के बरामदे में सो रहे थे। इसी दौरान धानापुर मुख्य मार्ग की ओर से आ रही कार अचानक अनियंत्रित होकर तेज रफ्तार में उनके घर में जा घुसी। कार की टक्कर से घर की पटिया और ईंटें सो रहे दंपती के ऊपर गिर गईं। हादसे में वहाबुद्दीन कुछ समय के लिए बेहोश हो गए।
घटना की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग और परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने कार चालक समेत दो लोगों को पकड़ लिया। बताया गया कि कार में चालक सहित चार लोग सवार थे। इसी दौरान कार सवार लोगों ने पुलिस को सूचना देने के लिए 112 नंबर पर कॉल किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक और एक अन्य व्यक्ति को कब्जे में लेकर मोहरगंज पुलिस चौकी पहुंचाया।
घायल दंपती को परिजन तत्काल चहनियां स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां उनका उपचार किया गया। वहाबुद्दीन के छोटे बेटे मुस्ताक ने बताया कि हादसे में पिता के सिर, हाथ और कमर में चोट आई है, जबकि मां के पैर और कमर में गंभीर चोट लगी है। दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।
घायल वहाबुद्दीन ने बताया कि वह परिवार के साथ बरामदे में सो रहे थे। अचानक तेज आवाज के साथ कार घर के अंदर आ गई और ऊपर से पटिया व ईंटें गिरने लगीं। इसके बाद उन्हें कुछ पता नहीं चला।
इस संबंध में मोहरगंज चौकी प्रभारी रविकांत चौहान ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। पूछताछ में कार चालक ने अपना नाम राजन कुमार निवासी करी गांव, थाना धानापुर बताया है। उसके साथ कार में एक अन्य व्यक्ति भी सवार था। चालक के अनुसार घटना के समय तेज बारिश हो रही थी और कार की रफ्तार अधिक थी। इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित घर में जा घुसी। पुलिस ने कार और चालक को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद मौके पर कानून-व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है।


















