ट्रैक्टर की लापरवाही बनी काल, 25 वर्षीय किसान की कुचलकर मौत, चहनियां चौराहे पर भड़का जनाक्रोश, चालक की गिरफ्तारी की मांग

304

चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र के मोलनापुर गांव में शुक्रवार की देर रात एक दर्दनाक हादसे में ट्रैक्टर से कुचलकर 25 वर्षीय युवक आनन्द यादव की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई, वहीं मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। वही पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कैथी गांव सभा अंतर्गत भगवानपुर निवासी आनन्द यादव पेशे से किसान थे। शुक्रवार की शाम वह बगल के गांव पहाड़पुर निवासी एक व्यक्ति के साथ ट्रैक्टर से विजयी के पूरा मजदूरों को छोड़ने गए थे। मजदूरों को छोड़ने के बाद दोनों वापस लौट रहे थे। इसी दौरान मोलनापुर गांव में सत्ती माता के पास आनन्द यादव ट्रैक्टर के बोनट पर बैठे हुए थे। अचानक संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर पड़े और ट्रैक्टर चालक की कथित लापरवाही के कारण ट्रैक्टर के नीचे आकर कुचल गए, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद चालक मौके से ट्रैक्टर सहित फरार हो गया। आरोप है कि चालक ने अपने घर पहुंचकर ट्रैक्टर खड़ा किया और टायर में लगे खून को धो दिया। घटना की सूचना मिलते ही बलुआ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

देर रात पुलिस के माध्यम से जैसे ही आनन्द यादव की मौत की खबर परिजनों को मिली, परिवार में कोहराम मच गया। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद जब शव गांव पहुंचा तो माहौल गमगीन हो गया। मृतक के पिता राजेश यादव, माता सरोज देवी, पत्नी संगीता देवी और छोटे भाई घनश्याम का रो-रोकर बुरा हाल रहा। आनन्द यादव अपने पीछे ढाई वर्ष की पुत्री आकृति और एक वर्ष के पुत्र कृष्णा को छोड़ गए हैं। बताया जा रहा है कि मृतक के पिता राजेश यादव सऊदी अरब में एक मिठाई की दुकान पर कारीगर के रूप में कार्यरत हैं।

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शनिवार को शव को चहनियां चौराहे पर रखकर जाम लगाने की कोशिश करने लगे और ट्रैक्टर चालक पर हत्या का आरोप लगाते हुए तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे। मौके पर मौजूद बलुआ थाना प्रभारी अतुल कुमार तत्काल आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया। करीब कुछ ही मिनटों में जाम समाप्त करा दिया गया और यातायात सामान्य कराया गया।

इस संबंध में बलुआ थाना प्रभारी अतुल कुमार ने बताया कि ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया गया है तथा चालक के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मौके पर शान्ति व्यवस्था कायम है।

इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते चालक की लापरवाही नहीं होती तो एक हंसता-खेलता परिवार उजड़ने से बच सकता था।