सिकरौरा के पास टेम्पू पलटने से युवक की मौत, एक गंभीर घायल, एक सप्ताह पहले बनी थी पिता की खुशखबरी

116

सिकरौरा के पास टेम्पू पलटने से युवक की मौत, एक गंभीर घायल, एक सप्ताह पहले बनी थी पिता की खुशखबरी

चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत सिकरौरा गांव के समीप शुक्रवार की देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार बिसुपुर गांव निवासी अरबिंद यादव (26 वर्ष) पुत्र श्याम नारायण यादव अपने साथी अरबिंद उर्फ भांगी (28 वर्ष) पुत्र रामाश्रय यादव के साथ किसी काम से पक्खोपुर गए थे। काम निपटाने के बाद दोनों टेम्पू से देर शाम अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही टेम्पू सिकरौरा गांव के पास पहुंचा, तभी तेज रफ्तार और अनियंत्रण के कारण टेम्पू पलट गया।

हादसे के बाद टेम्पू चालक मौके पर ही वाहन छोड़कर फरार हो गया। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बलुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को चहनियां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। जहां चिकित्सकों ने अरबिंद यादव को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल अरबिंद उर्फ भांगी की हालत नाजुक देखते हुए उसे जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। पुलिस ने स्वास्थ्य केंद्र से मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं टेम्पू चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।

घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि मृतक अरबिंद यादव को महज एक सप्ताह पहले ही संतान की प्राप्ति हुई थी, जिससे परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। अरबिंद चार भाइयों में सबसे छोटा था और परिवार की जिम्मेदारियों को निभाने में सक्रिय भूमिका निभा रहा था।
मृतक के पिता श्याम नारायण यादव, माता दुलारी देवी, पत्नी पूनम देवी, भाई बजरंगी, मिथिलेश और अखिलेश सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है। गांव के लोग पीड़ित परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं।

पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी और फरार टेम्पू चालक के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और वाहन चालकों की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।