चहनियां में पहली बार होगा चतुर्मासा महायज्ञ, संत लक्ष्मी प्रपन्न जियर स्वामी की अनुमति से दौड़ी खुशी की लहर

188

चहनियां में पहली बार होगा चतुर्मासा महायज्ञ, संत लक्ष्मी प्रपन्न जियर स्वामी की अनुमति से दौड़ी खुशी की लहर

चंदौली : चहनियां क्षेत्र के लिए यह अत्यंत गौरव और आस्था का विषय है कि यहां दो वर्षों बाद पहली बार चतुर्मासा महायज्ञ का भव्य आयोजन होने जा रहा है। इसी क्रम में संत लक्ष्मी प्रपन्न जियर स्वामी महाराज का चहनियां आगमन हुआ, जहां उन्होंने प्रस्तावित महायज्ञ स्थल की भूमि का निरीक्षण एवं सर्वेक्षण किया। संत लक्ष्मी प्रपन्न जियर स्वामी ने चहनियां कस्बे के बाहर स्थित भूमि को देखा और यज्ञ आयोजन के दृष्टिकोण से भूमि की उपलब्धता, रास्तों की स्थिति, आवागमन की सुविधा एवं अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। सभी पहलुओं से संतुष्ट होने के बाद स्वामी जी ने 2028 में प्रस्तावित चतुर्मासा महायज्ञ के आयोजन की अनुमति प्रदान की। जैसे ही यह स्वीकृति मिली, चहनियां के जनमानस में खुशी की लहर दौड़ गई।

इसके उपरांत संत लक्ष्मी प्रपन्न जियर स्वामी ने चहनियां स्थित लोक मंगल विद्यालय पहुंचकर विधिवत पूजन-अर्चन किया और वहां अध्ययनरत बच्चों को आशीर्वाद दिया। स्वामी जी के सान्निध्य से विद्यालय का वातावरण भक्तिमय हो गया।
बताया गया कि यह चतुर्मासा महायज्ञ 2028 में आयोजित होने वाले लक्ष्मी नारायण यज्ञ के निमित्त होगा। इस महायज्ञ के मुख्य कथा वाचक के रूप में संत त्रिदंडी स्वामी के परम शिष्य संत लक्ष्मी प्रपन्न जियर स्वामी स्वयं प्रवचन देंगे। चार माह तक चलने वाले इस आयोजन में नित्य प्रवचन, हवन, यज्ञ एवं धार्मिक अनुष्ठानों की श्रृंखला चलेगी।

इस अवसर पर योगेंद्र मिश्रा ने बताया कि चतुर्मासा महायज्ञ के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या नहीं होगी। श्रद्धालुओं के लिए आवास, भोजन, सुरक्षा, जल, बिजली एवं अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि यह महायज्ञ न केवल धार्मिक दृष्टि से बल्कि सांस्कृतिक रूप से भी क्षेत्र के लिए एक मिसाल बनेगा, जहां भारत की सनातन संस्कृति और परंपराओं का भव्य स्वरूप देखने को मिलेगा।

संत लक्ष्मी प्रपन्न जियर स्वामी के साथ इस अवसर पर रमेश सिंह, मुन्ना सिंह, पप्पू सिंह, सुरेश गुप्ता, सेचन रस्तोगी, योगेंद्र मिश्रा, रामजी मोदनवाल, आनंद सिंह, धर्मेंद्र यादव, राजू विश्वकर्मा, विजय मिश्रा, नगडू मिश्र, श्रवण मिश्र, लाल बहादुर मिश्रा, दिनेश मिश्रा, प्रेम नारायण मिश्र सहित बड़ी संख्या में भक्तगण उपस्थित रहे। चहनियां में होने जा रहा यह ऐतिहासिक चतुर्मासा महायज्ञ क्षेत्र की धार्मिक पहचान को नई ऊंचाई देगा और दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए आस्था का केंद्र बनेगा।