मुगलसराय क्षेत्र में ज्वेलरी शॉप में 50 लाख की चोरी, पुलिस जांच में जुटी

98

मुगलसराय क्षेत्र में ज्वेलरी शॉप में 50 लाख की चोरी, पुलिस जांच में जुटी

चंदौली : मुगलसराय थाना क्षेत्र के बहादुरपुर गांव में बीती रात चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए अमन ज्वेलर्स नामक दुकान से लाखों के जेवरात उड़ा लिए। घटना पोलाव शहीद मजार के पास स्थित ज्वेलरी शॉप की है, जहां चोरों ने दुकान के पिछले हिस्से की दीवार में सेंध लगाकर अंदर प्रवेश किया और आराम से चोरी को अंजाम देकर फरार हो गए।

सूत्रों के अनुसार, चोर लगभग 400 ग्राम सोना, चांदी के पायल, पुराना चांदी का सामान, सोने की एक अंगूठी, चांदी की अंगूठी, चांदी की अंगूठी बनाने का सामान, तथा दुकान में मौजूद नगदी सहित करीब 50 लाख रुपये से अधिक के माल लेकर चंपत हो गए। चोरी का तरीका देखकर साफ है कि चोर पूरी तैयारी के साथ आए थे और उन्हें दुकान की जानकारी भी थी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। मौके पर सीओ कृष्ण मुरारी शर्मा, कोतवाल गगन राज सिंह, जलीलपुर चौकी प्रभारी और फोरेंसिक टीम पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। दुकान के अंदर बिखरा सामान और टूटी दीवार साफ बयां कर रही थी कि चोरी कितनी सुनियोजित थी।

दुकानदार ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि अज्ञात चोर दुकान से सोना-चांदी समेत लाखों की नकदी लेकर फरार हो गए। फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फोरेंसिक टीम साक्ष्य जुटाने में लगी है।

स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि रात में चोरी की यह बड़ी वारदात सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। पुलिस ने जल्द ही घटना के पर्दाफाश का भरोसा दिलाया है।