वैवाहिक समारोह में हर्ष फायरिंग का वीडियो वायरल, पुलिस जांच में जुटी

97

वैवाहिक समारोह में हर्ष फायरिंग का वीडियो वायरल, पुलिस जांच में जुटी

चंदौली : इलिया थाना क्षेत्र के रोहाखी गांव में वैवाहिक समारोह के दौरान की गई हर्ष फायरिंग का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। करीब 18 सेकेंड के इस वीडियो में एक युवक हाथ में पिस्टल लेकर भोजपुरी गीत की धुन पर झूमते हुए फायरिंग करता साफ दिखाई दे रहा है। वीडियो देखकर अंदाजा लगता है कि मौके पर मौजूद लोगों में न तो कोई भय था और न ही कानून का कोई खौफ।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार वीडियो एक सप्ताह पुराना बताया जा रहा है। खास बात यह है कि फायरिंग करने वाला युवक गांव का ही क्षेत्र पंचायत सदस्य (BDC) बताया जा रहा है। एक जनप्रतिनिधि द्वारा इस तरह खुलेआम कानून का उल्लंघन करने से ग्रामीणों में भी नाराजगी देखने को मिल रही है।

वीडियो वायरल होते ही इलिया पुलिस कार्रवाई में जुट गई है।
थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच शुरू कर दी गई है, फायरिंग करने वाले युवक की पहचान की प्रक्रिया जारी है, समारोह में मौजूद अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि हर्ष फायरिंग गंभीर अपराध है, जो न सिर्फ कानूनन दंडनीय है, बल्कि किसी भी अनहोनी का कारण बन सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि मामले में पुष्टि होने पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

गांव के लोगों का कहना है कि शादी-ब्याह में हर्ष फायरिंग की प्रवृत्ति अब खतरनाक रूप ले चुकी है। कई बार ऐसे मामले लोगों की जान ले चुके हैं, बावजूद इसके कुछ लोग दिखावे के नाम पर हथियारों का इस्तेमाल करने से बाज नहीं आते। ग्रामीणों ने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।

इस घटना ने एक बार फिर सवाल खड़ा किया है कि आखिर वैवाहिक समारोहों में हथियारों का इस्तेमाल कैसे हो रहा है और इसकी रोकथाम के लिए स्थानीय स्तर पर सख्ती क्यों नहीं बरती जा रही? मामला फिलहाल जांच में है। पुलिस जल्द ही पूरे प्रकरण का खुलासा करने की तैयारी में है।