चंदौली में सनसनी, सुबह टहलने निकले अधेड़ व्यापारी की लाठी से पीटकर हत्या, इलाके में दहशत, पुलिस जांच में जुटी
चंदौली : सकलडीहा थाना क्षेत्र में मंगलवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब रोजाना की तरह सुबह टहलने निकले एक अधेड़ व्यापारी की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। तुलसी आश्रम नोनार गांव के निवासी और स्थानीय व्यापारी उमाशंकर मौर्य प्रतिदिन की भांति सुबह सैर के लिए घर से निकले थे, लेकिन कुछ ही दूरी पर उनकी नृशंस हत्या कर दी गई।
घर से कुछ ही दूर मिला खून से लथपथ शव
जानकारी के अनुसार, उमाशंकर मौर्य अपने घर से निकलकर सकलडीहा-अमडा मार्ग की ओर टहलने जा रहे थे। घर से लगभग 200 मीटर दूर ही रास्ते में अज्ञात हमलावर ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। सिर पर गंभीर प्रहार के चलते मौके पर ही उनकी मौत हो गई। पुलिस ने घटनास्थल से आलाकत्ल डंडा भी बरामद किया है, जिसमें खून लगा पाया गया।
घटना की सूचना पर कई थानों की फोर्स मौके पर
डायल 112 पर सूचना मिलते ही सकलडीहा थाना पुलिस, आसपास के थानों की फोर्स और एसडीएम कुंदन राज कपूर, सीओ सकलडीहा स्नेहा तिवारी तत्काल मौके पर पहुँचीं। घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया गया और मृतक की पहचान की पुष्टि की गई।
प्रारंभिक जांच : रास्ते में किसी से हुआ विवाद
सीओ सकलडीहा स्नेहा तिवारी ने बताया कि शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि व्यापारी उमाशंकर मौर्य सुबह अकेले टहलने निकले थे। रास्ते में किसी व्यक्ति से उनका विवाद होना सामने आया है। पुलिस इस पहलू पर भी गहराई से जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि “शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पीड़ित पक्ष की तहरीर मिलते ही सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। घटनास्थल से मिला खून लगा डंडा ही आलाकत्ल प्रतीत हो रहा है। सिर पर गंभीर चोट मृत्यु का मुख्य कारण है।”
गांव में दहशत, परिवार में मातम
अधेड़ व्यापारी की अचानक हुई हत्या से नोनार गांव में दहशत का माहौल है। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। उमाशंकर मौर्य गांव के सम्मानित और सरल स्वभाव के व्यक्ति माने जाते थे।
पुलिस ने दावा किया – जल्द होगा खुलासा
पुलिस विभिन्न कोणों से मामले की छानबीन कर रही है। स्थानीय लोगों से पूछताछ, CCTV की तलाश और तकनीकी सर्विलांस के माध्यम से हत्यारे तक पहुँचने की कोशिश की जा रही है। सीओ ने दावा किया कि घटना का खुलासा जल्द कर दिया जाएगा।


















