सेमरा पुल के पास बड़ा सड़क हादसा टला, कार खेत में पलटी, बाइक सवार भी गिरा… लेकिन चमत्कारिक रूप से दोनों सुरक्षित!

32

सेमरा पुल के पास बड़ा सड़क हादसा टला, कार खेत में पलटी, बाइक सवार भी गिरा… लेकिन चमत्कारिक रूप से दोनों सुरक्षित!

चंदौली : शहाबगंज थाना क्षेत्र के सेमरा पुल के पास बृहस्पतिवार को एक बड़ा सड़क हादसा होने से बाल-बाल बचा। जिगना से शहाबगंज की ओर जा रही एक मारुति डिज़ायर कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में जा पलटी। हादसे की वजह स्टेयरिंग फेल होना बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सफेद रंग की कार जैसे ही गुप्ता बिल्डिंग मटेरियल के पास पहुंची, उसी दौरान कार का स्टेयरिंग अचानक जवाब दे गया। जिगना निवासी चालक ने कार को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही सेकंड में वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खेत में लुढ़क गया। हादसा इतना तेज़ था कि कार के अगले हिस्से से लेकर छत तक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

इसी दौरान कार के पीछे आ रहा एक बाइक सवार भी तेज़ी से ब्रेक लगाते हुए कार से टकराकर गिर पड़ा। हालांकि, यह किसी चमत्कार से कम नहीं कि कार चालक और बाइक सवार दोनों ही गंभीर चोटों से बच गए। स्थानीय लोगों के मुताबिक घटना का दृश्य बेहद भयावह था, लेकिन सबकी जान बच जाना बड़ी राहत की खबर है।

हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी। शहाबगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची, क्षतिग्रस्त कार और बाइक का निरीक्षण किया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इस रास्ते पर तेज़ रफ़्तार और मोड़ों पर अचानक गाड़ियों का फिसलना आम बात है। लोगों ने प्रशासन से सड़क पर चेतावनी बोर्ड लगाने और नियमित पेट्रोलिंग की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके। फिलहाल राहत की बात यह है कि बड़ा हादसा होते-होते टल गया और दोनों लोग सुरक्षित हैं।