मुगलसराय में बढ़ा चोरी का आतंक, कोतवाली से 100 मीटर दूर बैंककर्मी की अपाचे बाइक उड़ा ले गए चोर
चंदौली : मुगलसराय में चोरी की वारदातें लगातार बढ़ रही हैं, जिससे नगरवासियों में दहशत और आक्रोश दोनों गहराते जा रहे हैं। बुधवार की शाम कोतवाली से चंद कदम की दूरी पर चोरों ने ऐसी दुस्साहसिक हरकत की, जिसने पुलिस की चौकसी पर बड़े सवाल खड़े कर दिए।
बैंक के सामने से बैंककर्मी की बाइक गायब
परशुरामपुर निवासी रितेश सोनी, जो इंडियन बैंक (मुगलसराय) में बैंककर्मी हैं, रोज की तरह बुधवार को भी ड्यूटी पर पहुंचे थे। शाम करीब 6 बजे जब वे काम खत्म कर घर जाने के लिए बाहर आए, तो उनकी बैंक के सामने खड़ी अपाचे बाइक (नंबर UP 65 CX 8236) मौके से गायब थी।
कोतवाली से 100 मीटर दूरी पर चोरी, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
घटना इसलिए और भी चौंकाने वाली है क्योंकि इंडियन बैंक, मुगलसराय कोतवाली से महज़ 100 मीटर की दूरी पर स्थित है। इतनी नजदीकी में चोरी होना सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर में आए-दिन बाइक चोरी, मोबाइल चोरी और छिनैती जैसी घटनाएं बढ़ती जा रही हैं, लेकिन पुलिस इन पर प्रभावी रोक नहीं लगा पा रही है।
गश्त बढ़ाने और सक्रियता दिखाने की मांग
नगरवासियों का कहना है कि लगातार बढ़ रही घटनाओं ने उनका जीना मुश्किल कर दिया है। लोग अब बाजार और सार्वजनिक स्थानों पर वाहन खड़ा करने से भी डरने लगे हैं। नागरिकों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और सक्रियता दिखाने की मांग की है।
बाइक मालिक ने की अपील
पीड़ित बैंककर्मी रितेश सोनी ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि “यदि किसी को मेरी अपाचे बाइक दिखाई दे या इससे संबंधित कोई भी जानकारी मिले, तो कृपया तत्काल सूचना दें।”
जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। आस-पास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। स्थानीय लोग उम्मीद कर रहे हैं कि जल्द ही बाइक बरामद हो और चोर पुलिस की पकड़ में आएं।


















