दवा व्यवसाई रोहिताश पाल हत्याकांड पर सियासत गरमाई, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पीड़ित परिवार से की मुलाकात
चंदौली : जिले के पंडित दीन दयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) में दवा व्यवसाई रोहिताश पाल की हुई हत्या मामले ने पूरे प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस जघन्य वारदात के बाद आज कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मिलकर संवेदना व्यक्त की।
अजय राय ने हत्या की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह घटना प्रदेश की कानून-व्यवस्था की पूरी तरह पोल खोलती है। उन्होंने कहा कि दोषियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी हो और उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
अजय राय ने इस मौके पर भाजपा सरकार पर भी सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा “भाजपा की जीरो टॉलरेंस की नीति पूरी तरह फेल हो चुकी है। जब रेलवे स्टेशन के ठीक सामने स्थित दुकान पर गोली मारकर एक दवा व्यवसाई की हत्या हो सकती है, तो समझिए प्रदेश में किस तरह का जंगलराज चल रहा है।”
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष यहीं नहीं रुके। उन्होंने आगे कहा कि एक तरफ रोमी, यानी मृतक रोहिताश पाल का पोस्टमार्टम चल रहा था, और उसी समय भाजपा के लोग डीजे बजाकर एकता यात्रा निकाल रहे थे। अजय राय ने इस कृत्य को बेहद शर्मनाक बताया और कहा “जब एक परिवार का चिराग बुझ गया, उसी समय डीजे बजाकर जश्न जैसा माहौल बनाना बेहद संवेदनहीनता की पराकाष्ठा है। इसकी जितनी निंदा की जाए, कम है।”
स्थानीय व्यापारियों में भी इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है। लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं और प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है, और पुलिस पर भी कार्रवाई को लेकर लगातार दबाव बढ़ रहा है। अब देखना यह है कि पुलिस कितनी जल्दी आरोपियों तक पहुंच पाती है और पीड़ित परिवार को न्याय दिला पाती है।
इस मौके पर जिलाअध्यक्ष अरुण द्विवेदी, शहर अध्यक्ष बृजेश गुप्ता, प्रदेश महासचिव देवेंद्र प्रताप सिंह मुन्ना, आनंद शुक्ला, अकिल अहमद, बाबू हीरा लाल शर्मा, नवीन पाण्डेय, शाहिद, तौसीफ, अरविंद पाण्डेय, राजेंद्र गौतम, नेहाल अख्तर, बाबू राजकिशोर सिंह, हम्मीर शाह, संगीता सिंह, गंगा प्रसाद, राकेश पाठक सहित कांग्रेस जन उपस्थित रहे।









