निर्माणाधीन पीपा पुल से टकराया क्रूज, बड़ा हादसा टला, पुल तीन हिस्सों में बिखरा, उद्घाटन टला
चंदौली : चहनियां क्षेत्र के टांडाकला गंगा घाट पर शनिवार को एक बड़ा हादसा होने से टल गया। वाराणसी की ओर से आ रहा एक बड़ा क्रूज अचानक संतुलन खो बैठा और तेज रफ्तार में सीधे निर्माणाधीन पीपा पुल से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि लगभग तैयार हो चुका पुल देखते-ही-देखते तीन अलग-अलग हिस्सों में बिखर गया। रविवार को पुल पर आवागमन शुरू होना था, लेकिन हादसे के बाद लोक निर्माण विभाग (PWD) ने उद्घाटन कम से कम चार दिन के लिए स्थगित कर दिया है।
एक महीने से चल रहा था निर्माण, स्थानीय लोग थे उत्साहित
टांडाकला घाट पर पीपा पुल को जोड़ने का काम एक नवंबर से तेज गति से चल रहा था। पुल लगभग पूर्ण हो चुका था और स्थानीय लोगों में इस अस्थायी पुल के शुरू होने को लेकर भारी उत्साह था। इस पुल के चालू होने से क्षेत्र के हजारों लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलने वाली थी।
ब्रेक फेल, संतुलन बिगड़ने से हुआ हादसा
घाट दरोगा दीना सिंह के अनुसार, शनिवार की शाम सरकारी क्रूज जब टांडाकला घाट के समीप पहुंचा, तभी उसका संतुलन बिगड़ गया। चालक के प्रयासों के बावजूद क्रूज के ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया और जहाज अनियंत्रित होकर सीधे पुल के मध्य भाग में जा धँसा। टक्कर इतनी तेज थी कि दूर तक आवाज सुनाई दी। पुल पर काम कर रहे कर्मचारी अचानक घबराकर इधर-उधर भागने लगे। इंजीनियरों के अनुसार, यह क्षति सामान्य नहीं है और मरम्मत में कई दिन लग सकते हैं।
बड़ा हादसा टल गया, नहीं हुई जनहानि
सौभाग्य से हादसे के समय पुल पर आम लोगों की आवाजाही नहीं थी। केवल निर्माणकार्य से जुड़े कर्मचारी मौजूद थे, जिन्होंने समय रहते पुल से दूर होकर अपनी जान बचाई। अधिकारियों ने बताया कि यदि यह दुर्घटना आवागमन शुरू होने के बाद होती, तो स्थिति बेहद भयावह हो सकती थी।
जांच के आदेश, अधिकारी मौके पर
हादसे के बाद प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस और PWD की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। क्रूज चालक से भी पूछताछ की जा रही है कि ब्रेक फेल होने की वास्तविक वजह क्या थी तकनीकी खराबी या लापरवाही।
स्थानीय लोगों में नाराजगी
पुल टूटने की खबर फैलते ही ग्रामीणों में नाराजगी और अफसोस दोनों देखने को मिले। लोगों का कहना है कि महीनों से पुल निर्माण का इंतजार था, लेकिन एक लापरवाही ने सारे प्रयासों को पीछे धकेल दिया।


















