हनुमानगढ़ी मंदिर से चोरी हुए पीतल के घण्टे बरामद, बलुआ पुलिस ने दो शातिर चोरों को दबोचा

373

हनुमानगढ़ी मंदिर से चोरी हुए पीतल के घण्टे बरामद, बलुआ पुलिस ने दो शातिर चोरों को दबोचा

चंदौली : बलुआ थाना पुलिस ने शनिवार की देर शाम बड़ी सफलता हासिल करते हुए हनुमानगढ़ी मंदिर से चोरी हुए पांच पीतल के घण्टों के साथ दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी चोरी किए गए घण्टों को बेचने की फिराक में थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस की घेराबंदी में दोनों आरोपी मोहरगंज तालाब के पास से धर दबोचे गए। पुलिस ने रविवार को आरोपियों को आवश्यक कार्यवाही के बाद न्यायालय भेज दिया।

गौरतलब है कि 6 नवंबर को बलुआ थाना क्षेत्र के प्रभुपुर भलेहटा स्थित हनुमानगढ़ी मंदिर से पांच पीतल के घण्टे चोरी हो गए थे। इस संबंध में मुंशी गिरी निवासी भलेहटा ने बलुआ थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करवाया था। घटना को गंभीरता से लेते हुए सीओ सकलडीहा स्नेहा तिवारी के निर्देशन में बलुआ थाना प्रभारी ने टीम गठित कर सुराग तलाशना शुरू किया।

मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी

शनिवार को मुखबिर से सूचना मिली कि घण्टा चोरी में शामिल चोर चोरी का सामान लेकर मोहरगंज तालाब के पास किसी खरीदार की तलाश में खड़े हैं। सूचना मिलते ही बलुआ एसओ अतुल कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दबिश देकर दोनों आरोपियों को चोरी के घण्टों के साथ गिरफ्तार कर लिया।

आरोपियों की हुई पहचान

पकड़े गए आरोपियों की पहचान विकास राजभर पुत्र राजेंद्र राजभर निवासी सिवाने (थाना बलुआ) और सूरज उर्फ भोंदू पुत्र झुन्ना राम निवासी सिंगहा (थाना बलुआ) के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि उन्होंने नशे की लत पूरी करने के लिए मंदिर से घण्टे चोरी किए थे। पुलिस के अनुसार विकास के विरुद्ध पीडीडीयू नगर, वाराणसी और बलुआ थाना क्षेत्रों में पूर्व से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि भोंदू पर भी बलुआ थाने में मामला कायम है।

गिरफ्तारी टीम में शामिल रहे

थाना प्रभारी अतुल कुमार, चौकी प्रभारी मोहरगंज सुभाष चंद्र गौतम, उपनिरीक्षक धर्मेंद्र यादव, हेड कांस्टेबल दया राम सोनकर तथा राजबहादुर सोनकर सक्रिय भूमिका में रहे। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में मंदिर और अन्य धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर आम जनता में विश्वास और मजबूत हुआ है।