वाराणसी खंड स्नातक-शिक्षक MLC चुनाव का बिगुल, 23 अक्टूबर को मतदान
चंदौली : उत्तर प्रदेश विधान परिषद के वाराणसी खंड स्नातक एवं वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की रिक्त होने वाली सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। दोनों सीटों पर 23 अक्टूबर को मतदान होगा, जबकि 27 अक्टूबर को मतगणना कराई जाएगी। निर्वाचन प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक पूरी कर ली जाएगी।
वाराणसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित सदस्य आशुतोष सिन्हा तथा वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित सदस्य लाल बिहारी यादव का कार्यकाल 6 दिसंबर 2026 को समाप्त हो रहा है। इनके स्थान पर नए सदस्यों के निर्वाचन के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने कार्यक्रम निर्धारित किया है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चुनाव की अधिसूचना 29 सितंबर को जारी होगी। नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर निर्धारित की गई है। 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि उम्मीदवार 9 अक्टूबर तक नाम वापस ले सकेंगे। इसके बाद 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा। 27 अक्टूबर को मतगणना होगी।
निर्वाचन कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही संबंधित जिलों में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। प्रशासन ने निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जुड़े मतदाताओं के लिए चुनाव को लेकर अब राजनीतिक एवं प्रशासनिक गतिविधियां तेज होने की संभावना है। चुनाव में संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों की निर्धारित मतदाता सूचियों में शामिल स्नातक एवं शिक्षक मतदाता ही अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।


















