आंध्र प्रदेश के मंदिर की तर्ज पर सजेगा दुर्गा पूजा पंडाल, 31वीं वर्षगांठ पर भव्य आयोजन की तैयारी
चंदौली : छात्र (सृजन परिवार) संगठन एवं चहनियां कस्बावासियों के सहयोग से बुधवार की शाम कस्बे में दुर्गा पूजा पंडाल के निर्माण का शुभारंभ किया गया। बंगाल से आए कारीगरों ने पंडाल को भव्य एवं आकर्षक स्वरूप देने के लिए निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। परंपरा के अनुसार संगठन के सदस्यों और कस्बावासियों ने मां दुर्गा के जयकारे के बीच पंडाल निर्माण के लिए पहला बांस लगाया।
छात्र (सृजन परिवार) संगठन द्वारा पिछले 31 वर्षों से लगातार दुर्गा पूजनोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में इस वर्ष भी भव्य दुर्गा पूजा की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। पंडाल निर्माण के शुभारंभ के दौरान श्रद्धालुओं ने मां के जयकारे लगाए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
संगठन के कोषाध्यक्ष जयशंकर जायसवाल ने बताया कि इस वर्ष पंडाल का निर्माण आंध्र प्रदेश के एक प्रसिद्ध मंदिर की तर्ज पर कराया जा रहा है। पंडाल को आकर्षक रूप देने के लिए बंगाल के कारीगरों को बुलाया गया है। उन्होंने बताया कि पंडाल निर्माण में लाखों रुपये की लागत आने का अनुमान है।
इस अवसर पर उदय प्रताप सिंह, पूर्व प्रधान सरीद्वार यादव, पूर्व प्रधान रामजी मोदनवाल, व्यापार मंडल अध्यक्ष भानु प्रताप यादव, गोपाल गुप्ता, शिवलाल जायसवाल, योगेंद्र मिश्रा, आनंद सिंह, संजय गुप्ता, प्रिंस मोदनवाल, राकेश जायसवाल, मनोज गुप्ता सहित बड़ी संख्या में संगठन के सदस्य एवं कस्बावासी मौजूद रहे।


















