लगातार पांच दिन बंद रह सकते हैं बैंक, 25 सितंबर तक निपटा लें जरूरी काम
चंदौली : बैंक ग्राहकों के लिए सितंबर के अंतिम सप्ताह में लगातार पांच दिनों तक बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहने की संभावना है। अग्रणी जिला प्रबंधक आशीष कुमार मिश्रा ने बताया कि यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस ने 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल का आह्वान किया है। इसके अलावा 26 सितंबर को चौथा शनिवार और 27 सितंबर को रविवार होने के कारण बैंक शाखाओं में लगातार पांच दिनों तक कामकाज प्रभावित रह सकता है।
उन्होंने ग्राहकों को सलाह दी है कि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए 25 सितंबर तक नकद लेन-देन, चेक जमा, ड्राफ्ट सहित अन्य जरूरी बैंकिंग कार्य निपटा लें। बैंक शाखाएं बंद रहने की स्थिति में चेक क्लियरिंग समेत कई सेवाओं में देरी हो सकती है।
हालांकि, इस दौरान ग्राहक एटीएम, इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग और यूपीआई जैसी डिजिटल सेवाओं का इस्तेमाल कर सकेंगे। इन सेवाओं की उपलब्धता तकनीकी स्थिति पर निर्भर करेगी। अग्रणी बैंक प्रबंधक कार्यालय ने आमजन से अपील की है कि वे संभावित बैंक अवकाश और हड़ताल को ध्यान में रखते हुए अपने आवश्यक बैंकिंग कार्य समय से पूरा कर लें।


















