30 नवंबर तक कराएं फार्मर रजिस्ट्री, नहीं तो रुक जाएगी किसान सम्मान निधि की किस्त
चंदौली : कृषि विभाग ने जिले के किसानों से अपील की है कि वे समय रहते अपनी फार्मर रजिस्ट्री अवश्य पूर्ण करा लें, अन्यथा वे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना सहित अन्य कृषि योजनाओं के लाभ से वंचित हो सकते हैं। उप निदेशक कृषि भीमसेन ने बताया कि वर्तमान में जनपद चंदौली में फार्मर रजिस्ट्री का कार्य कृषि विभाग, राजस्व विभाग के कर्मचारियों तथा जन सेवा केन्द्रों (CSC) के माध्यम से तेजी से कराया जा रहा है।
अनधिकृत व्यक्तियों से सावधान रहने की दी चेतावनी
उन्होंने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री के लिए किसानों को अपनी खतौनी, आधार कार्ड और आधार से लिंक मोबाइल नंबर प्रस्तुत करना अनिवार्य है। किसान भाई अपने मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी (OTP) किसी अनधिकृत व्यक्ति के साथ साझा न करें। केवल कृषि विभाग, राजस्व विभाग, पंचायत विभाग अथवा जन सेवा केन्द्र के अधिकृत कर्मी ही इस प्रक्रिया में अधिकृत हैं।
किसान स्वयं ऐप या जन सेवा केंद्र से करा सकते हैं पंजीकरण
उप निदेशक ने बताया कि कृषि विभाग की सभी योजनाओं में शामिल होने के लिए फार्मर रजिस्ट्री आवश्यक है। इसके अंतर्गत किसानों का ऑनलाइन डेटा तैयार किया जा रहा है। किसान स्वयं भी Farmer Registry UP मोबाइल ऐप या वेबसाइट http://upfr.agristack.gov.in पर जाकर सेल्फ मोड में रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। जो किसान स्वयं यह प्रक्रिया नहीं करना चाहते, वे अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के माध्यम से निर्धारित शुल्क देकर फार्मर रजिस्ट्री करा सकते हैं।
फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति को लेकर आंकड़े जारी
जनपद में फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति को लेकर आंकड़े जारी किए गए हैं। चंदौली तहसील में 56,124 किसानों के लक्ष्य के सापेक्ष 23,618 रजिस्ट्री अभी लंबित हैं। चकिया तहसील में 52,369 के सापेक्ष 24,105 किसान अभी पंजीकरण नहीं करा पाए हैं। नौगढ़ तहसील में 10,204 के सापेक्ष 3,607 रजिस्ट्री लंबित हैं। पं. दीनदयाल उपाध्याय नगर तहसील में 35,872 के सापेक्ष 19,208 रजिस्ट्री पेंडिंग हैं। वही सकलडीहा तहसील में 1,02,421 के लक्ष्य के विरुद्ध 48,215 किसान अभी भी पंजीकरण से वंचित हैं।
फैमिली आईडी और फार्मर रजिस्ट्री दोनों कराना अनिवार्य
उप निदेशक कृषि भीमसेन ने स्पष्ट किया कि सभी किसानों को 30 नवम्बर 2025 तक अपनी फार्मर रजिस्ट्री एवं फैमिली आईडी बनवाना अनिवार्य है। इस तिथि तक कार्य पूर्ण न कराने पर संबंधित किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की आगामी किस्त नहीं मिलेगी, साथ ही वे कृषि विभाग की अन्य लाभकारी योजनाओं से भी वंचित रह सकते हैं।
कृषि विभाग की किसानों से अपील
उन्होंने किसानों से अपील की किसान भाई स्वयं मोबाइल ऐप या नजदीकी जन सेवा केंद्र पर जाकर जल्द से जल्द अपनी फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण करें। यह न केवल सरकारी योजनाओं का लाभ पाने के लिए आवश्यक है, बल्कि भविष्य में सभी कृषि संबंधित कार्यों के लिए एकीकृत पहचान भी बनेगी।


















