विद्यालय में बच्चों ने दी वन्य जीव संरक्षण की सीख, चित्रकला व वाद-विवाद प्रतियोगिता में दिखाई प्रतिभा
चंदौली : वन विभाग द्वारा 2 अक्टूबर से 8 अक्टूबर तक चल रहे वन्य प्राणी संरक्षण सप्ताह के अंतर्गत सोमवार को पूर्व माध्यमिक विद्यालय छपरा में विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्रभागीय वनाधिकारी बी. शिव शंकर के निर्देशन में संपन्न हुआ, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में वन और वन्य जीवों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के बीच चित्रकला एवं वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी रचनात्मकता के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। प्रतियोगिता में शीतल यादव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, दीपक कुमार द्वितीय तथा खुशी यादव तृतीय स्थान पर रहीं।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानाचार्य संतोष कुमार दीक्षित ने विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने बच्चों को संदेश दिया कि “वन और वन्य जीव हमारी प्राकृतिक धरोहर हैं, इनके संरक्षण से ही पर्यावरण संतुलन संभव है।”
इस अवसर पर क्षेत्रीय वन अधिकारी राम सवारे यादव ने छात्रों को वन्य प्राणियों के महत्व और पारिस्थितिकी तंत्र में उनकी भूमिका के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि आज के समय में वन्य जीवों का संरक्षण केवल सरकार की नहीं बल्कि समाज के हर नागरिक की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में विद्यालय के अध्यापक शरद कुमार यादव, वन दरोगा फिरोज गांधी, वन रक्षक जीतेन्द्र, अभिषेक, श्रीराम, एवं ग्रामीण क्षेत्र से जगदीश व शकील सहित अनेक लोग उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।


















