नहर में तैरता मिला अज्ञात युवक का शव, इलाके में सनसनी

112

नहर में तैरता मिला अज्ञात युवक का शव, इलाके में सनसनी

चंदौली : जनपद के सदर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत जसूरी गांव के समीप शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया जब ग्रामीणों ने नहर में एक युवक का शव तैरता हुआ देखा। अचानक नहर में शव दिखाई देने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। देखते ही देखते मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण जुट गए और घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।

सूचना पर सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाया। मृतक की उम्र लगभग 35 वर्ष आंकी जा रही है। उसने पैंट और शर्ट पहन रखी थी, लेकिन उसकी जेब से न तो कोई पहचान पत्र मिला और न ही मोबाइल फोन। ऐसे में पुलिस के सामने मृतक की शिनाख्त बड़ी चुनौती बन गई है।

पुलिस कर रही गहन जांच

पुलिस ने प्राथमिक जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में अनुमान जताया गया है कि युवक की मौत नहर में डूबने से हुई होगी। पानी के तेज बहाव के कारण शव बहकर जसूरी गांव तक पहुंच गया होगा। हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

सदर थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि शव को मोर्चरी हाउस में रखवा दिया गया है। मृतक की पहचान के लिए आसपास के थानों में गुमशुदगी की रिपोर्टों की जांच कराई जा रही है। साथ ही स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

पुलिस इस मामले में हर पहलू से जांच कर रही है। प्रथम दृष्टया यह मामला डूबने का लग रहा है, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि कहीं इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश तो नहीं। इसी बिंदु को ध्यान में रखकर भी पुलिस पड़ताल कर रही है।