एसपी ने थाना मुगलसराय का किया औचक निरीक्षण, दिया आवश्यक दिशा निर्देश

51

एसपी ने थाना मुगलसराय का किया औचक निरीक्षण, दिया आवश्यक दिशा निर्देश

चंदौली : पुलिस अधीक्षक (एसपी) चंदौली आदित्य लांग्हे ने गुरुवार की देर रात थाना मुगलसराय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और पुलिसकर्मियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। निरीक्षण के बाद एसपी ने क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर, प्रभारी निरीक्षक मुगलसराय तथा प्रभारी निरीक्षक अलीनगर के साथ एक अहम बैठक की, जिसमें जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए कई कड़े निर्देश जारी किए गए।

अतिक्रमण, तस्करी और अपराध नियंत्रण पर जोर

एसपी आदित्य लांग्हे ने बैठक में स्पष्ट किया कि अतिक्रमण पर प्रभावी कार्यवाही की जाए और शराब व मादक पदार्थों की तस्करी पर तत्काल रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि अवैध गतिविधियों में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

शिकायतों का त्वरित निस्तारण अनिवार्य

थाना प्रभारियों को निर्देशित करते हुए एसपी ने कहा कि थाना स्तर पर आने वाली शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। आईजीआरएस और जनसुनवाई पोर्टल के माध्यम से प्राप्त होने वाले प्रार्थना पत्रों की दैनिक समीक्षा की जाए। किसी भी मामले में देरी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और डिफॉल्टर अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही होगी।

महिला सुरक्षा और वाहन चोरी पर सख्त निगरानी

एसपी ने निर्देश दिया कि महिला संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई की जाए। वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं पर रोक लगाने के लिए चोरी की घटनाओं वाले क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। थाना प्रभारी स्वयं चोरी और नकबजनी की घटनाओं के बाद 24 घंटे के भीतर घटनास्थल का निरीक्षण करें।

अवैध शराब, गौकशी और माफिया पर शिकंजा

एसपी ने स्पष्ट किया कि थाना क्षेत्र में गौकशी, गौ तस्करी, अवैध शराब निर्माण व शराब तस्करी जैसी अवैध गतिविधियों पर तुरंत कार्यवाही की जाए। उन्होंने माफियाओं की पहचान कर उनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करने का आदेश भी दिया।

हिस्ट्रीशीटरों और टॉप-10 अपराधियों पर पैनी नजर

एसपी ने कहा कि हिस्ट्रीशीटरों और टॉप-10 सूची में शामिल अपराधियों पर सतत निगरानी रखी जाए। साथ ही इनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। यदि कोई जिला बदर अपराधी जनपद में निवासित पाया जाता है तो तुरंत गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाए। वही “ऑपरेशन कन्विक्शन” के तहत तेजी से सजा दिलाने के निर्देश दिए।

एसपी आदित्य लांग्हे ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार चिन्हित अपराधों में दोषियों को शीघ्र सजा दिलाने के लिए “ऑपरेशन कन्विक्शन” अभियान चलाया जा रहा है। लक्ष्य है कि दोषियों को अधिकतम और अविलंब सजा दिलाई जा सके। वही अभियोजन अधिकारी और मॉनिटरिंग सेल के बीच बेहतर समन्वय बनाते हुए मामलों की प्रभावी पैरवी करने का निर्देश दिया।

एसपी ने अंत में सभी थाना प्रभारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने, जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करने और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई करने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।