बाबा कीनाराम जन्मोत्सव, चंदौली पुलिस ने कसी सुरक्षा की कमर, 700 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात

257

बाबा कीनाराम जन्मोत्सव, चंदौली पुलिस ने कसी सुरक्षा की कमर, 700 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात

चंदौली : रामगढ़ स्थित बाबा कीनाराम मठ में 22 सितम्बर से 24 सितम्बर तक आयोजित होने जा रहे बाबा कीनाराम के 426वें जन्मोत्सव को लेकर चंदौली पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पूरी तैयारी कर ली है। पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने गुरुवार को स्वयं आयोजन स्थल का निरीक्षण किया और श्रद्धालुओं की भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था व सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने मौके पर तैनात पुलिस बल को ब्रीफ करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

भारी पुलिस बल की तैनाती

बाबा कीनाराम जन्मोत्सव में इस बार लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने की संभावना है। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए 6 क्षेत्राधिकारी (सीओ), 32 इंस्पेक्टर, 165 सब-इंस्पेक्टर (एसआई), 10 महिला दरोगा, 391 मुख्य आरक्षी/आरक्षी, 82 महिला आरक्षी, 46 यातायात पुलिसकर्मी, 4 अतिरिक्त इंस्पेक्टर, 2 प्लाटून पीएसी, अग्निशमन दल की टीम की तैनाती की गई है। इस तरह कुल 700 से अधिक पुलिसकर्मी जन्मोत्सव में सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे।

पुलिस अधीक्षक ने दिए सख्त निर्देश

ब्रीफिंग के दौरान पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने ड्यूटी में लगे समस्त अधिकारी-कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा “सतर्क दृष्टि बनाए रखें, श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को दें। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहें।”

यातायात और पार्किंग के लिए विशेष इंतजाम

मेले के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष तैयारियां की हैं। वाहन पार्किंग के लिए अलग-अलग स्थान निर्धारित किए गए हैं ताकि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

◆ मेला परिसर में वाहनों की एंट्री पूरी तरह प्रतिबंधित

◆ विशेष पार्किंग स्थलों पर वाहन खड़े करने के निर्देश

◆ यातायात को सुचारू रखने के लिए रूट डायवर्जन लागू

◆ बैरिकेडिंग कर मुख्य मार्गों पर सुरक्षा पुख्ता की गई

सीसीटीवी निगरानी और कंट्रोल रूम

जन्मोत्सव के दौरान सुरक्षा की मॉनिटरिंग के लिए सीसीटीवी कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। पूरे मेला परिसर में लगाए गए कैमरों के जरिए हर गतिविधि पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी।

इसके अलावा, सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई है, जिनमें पुरुष और महिला दोनों पुलिसकर्मी शामिल हैं। इनका मुख्य कार्य चैन स्नेचरों, पॉकेटमारों और अवांछनीय तत्वों पर विशेष निगरानी रखना होगा, ताकि श्रद्धालु बिना किसी डर के दर्शन और मेले का आनंद ले सकें।

अपर पुलिस अधीक्षक और सीओ भी रहे मौजूद

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक सदर (आईपीएस) अनंत चंद्रशेखर, सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी आशीष मिश्रा और वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। सभी ने संयुक्त रूप से सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और जन्मोत्सव को सकुशल संपन्न कराने के लिए तैयारियों पर चर्चा की।