हिस्ट्रीशीटर क्षेत्र पंचायत सदस्य ने पत्नी की फावड़े से की हत्या, क्षेत्र में सनसनी

851

हिस्ट्रीशीटर क्षेत्र पंचायत सदस्य ने पत्नी की फावड़े से की हत्या, क्षेत्र में सनसनी

चंदौली : सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के बथवार गांव में मंगलवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक हिस्ट्रीशीटर एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य ने मामूली विवाद के चलते अपनी पत्नी की फावड़े से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की।

पति-पत्नी के विवाद का खौफनाक अंजाम

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान प्रेमकला देवी (30) पत्नी भगवानदास निवासी बथवार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से घरेलू कलह चल रही थी। मंगलवार की सुबह किसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। गुस्से में आकर भगवानदास ने घर में रखा फावड़ा उठाकर पत्नी के सिर पर वार कर दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

पोस्टमार्टम को भेजा गया शव

घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर सीओ सकलडीहा स्नेहा तिवारी, कोतवाली पुलिस व अन्य थानों की फोर्स पहुंच गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।

घरेलू विवाद में हुई हत्या

सीओ सकलडीहा स्नेहा तिवारी ने बताया कि, “112 नंबर के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम बथवार में एक महिला की उसके पति द्वारा हत्या कर दी गई है। मौके पर पहुंचकर जांच की गई तो प्रथम दृष्टया मामला घरेलू विवाद का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया है और पंचायतनामा की कार्रवाई की जा रही है। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया है। आरोपी मौके से फरार है, जिसकी तलाश जारी है।”

पुलिस का कहना है कि मृतका के परिजनों से तहरीर प्राप्त होते ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा। वहीं आरोपी पति के खिलाफ कई आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं और वह हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है। घटना से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।