शहीद जवान के परिजनों से मिले अम्बरीष सिंह भोला, हर संभव मदत का दिया भरोसा

23

शहीद जवान के परिजनों से मिले अम्बरीष सिंह भोला, हर संभव मदत का दिया भरोसा

चंदौली : चहनियां क्षेत्र के पहाड़पुर मोलनापुर गांव में सोमवार का दिन भावुकता और संवेदना से भरा रहा। गांव के बहादुर सपूत, सीआरपीएफ के जवान अरविंद यादव की शहादत के बाद उनके परिजनों से मिलने पहुंचे वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) के मानद सदस्य अम्बरीष सिंह भोला ने परिवार को ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।

ज्ञात हो कि बीते सप्ताह जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जनपद के बसंतगढ़ क्षेत्र स्थित कंदवा इलाके में एक भीषण हादसा हुआ था। सैनिकों से भरी बस पहाड़ी रास्ते पर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में चंदौली के पहाड़पुर मोलनापुर निवासी जवान अरविंद यादव वीरगति को प्राप्त हुए। उनके बलिदान से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई थी।

सोमवार को जब अम्बरीष सिंह भोला शहीद के घर पहुंचे, तो पूरा गांव उन्हें घेरकर खड़ा हो गया। उन्होंने शहीद के परिजनों से भेंट कर कहा “देश की रक्षा करते हुए प्राण न्यौछावर करने वाले सैनिकों का योगदान अमूल्य है। उनके परिवार की सेवा करना मेरा कर्तव्य है। मेरे लायक जो भी सहायता होगी, मैं हमेशा तैयार रहूंगा।”

इस दौरान गांव का माहौल भावुक हो उठा। उपस्थित लोगों ने भी शहीद जवान की वीरता और समर्पण को याद कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में अतुल सिंह रघुवंशी, संतोष खरवार, रोशन सिंह, राजेश यादव समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

ग्रामीणों ने कहा कि अरविंद यादव ने अपनी जान देश पर कुर्बान कर गांव का नाम रोशन किया है। उनका बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकेगा।