मुहम्मदपुर में क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य समापन, भाजपा नेता डॉ. अखिलेश अग्रहरि ने युवाओं को खेल के माध्यम से राष्ट्रनिर्माण का दिया संदेश

170

मुहम्मदपुर में क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य समापन, भाजपा नेता डॉ. अखिलेश अग्रहरि ने युवाओं को खेल के माध्यम से राष्ट्रनिर्माण का दिया संदेश

चंदौली : क्रिकेट महज़ एक खेल नहीं, बल्कि अनुशासन, समर्पण, नेतृत्व और सहयोग की जीवंत पाठशाला है। मुहम्मदपुर के खेल मैदान पर आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में युवाओं का उत्साह देखने लायक था। इस प्रतियोगिता के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे भाजपा नेता डॉ. अखिलेश अग्रहरि ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा कि “क्रिकेट जैसे खेल युवा पीढ़ी में नेतृत्व क्षमता, सहनशीलता, और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को विकसित करते हैं। यह गर्व की बात है कि आज के युवा मोबाइल और सोशल मीडिया की दुनिया से बाहर आकर मैदान में पसीना बहा रहे हैं और अपने सपनों को आकार दे रहे हैं।”

डॉ. अग्रहरि ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा चलाए गए “फिट इंडिया मूवमेंट” और “खेलो इंडिया” जैसे अभियानों का ज़िक्र करते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार युवाओं को राष्ट्र शक्ति मानती है और उन्हें हर संभव मंच देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार गांव-गांव में स्टेडियम निर्माण की दिशा में कार्य कर रही है ताकि ग्रामीण प्रतिभाओं को भी नजदीक में बेहतर खेल सुविधाएं मिल सकें।

ऑपरेशन सिंदूर पर भी रखी बेबाक राय

मुख्य अतिथि डॉ. अखिलेश अग्रहरि ने अपने वक्तव्य में ऑपरेशन सिंदूर की सराहना करते हुए कहा कि “भारतीय सेना ने आतंकवाद के खिलाफ जो साहसिक कदम उठाया है, वह पूरी दुनिया को भारत की रणनीतिक क्षमता और मानवीय दृष्टिकोण का परिचय कराता है। आतंकवाद का सफाया करते हुए सेना ने यह साबित कर दिया कि भारत अपने नागरिकों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।”

फाइनल मुकाबले में खेतरपाला बनी चैंपियन

यूथ स्पोर्टिंग क्लब के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में खेतरपाला की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सढ़ान की टीम को 6 विकेट से पराजित कर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। मैच के दौरान खिलाड़ियों का जोश और खेल भावना सराहनीय रही। प्रतियोगिता में ‘मैन ऑफ द मैच’ का खिताब कल्लू कोबरा को मिला, जबकि ‘मैन ऑफ द सीरीज’ का सम्मान दानिश को दिया गया।

आयोजकों ने निभाई भूमिका, अतिथियों को किया सम्मानित

प्रतियोगिता के मुख्य आयोजक अफरोज ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए उन्हें अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर जितेंद्र यादव, तुलसी राम, दिनेश सोनकर, शरद यादव, संदीप यादव, दिलशाद अहमद, गुड्डू यादव, अभिषेक वर्मा सहित सैकड़ों खेलप्रेमी उपस्थित रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का संचालन अभय कुमार यादव ने प्रभावशाली तरीके से किया।

मुख्य अतिथि ने अंत में आयोजकों से आग्रह किया कि “ऐसी प्रतियोगिताएं निरंतर आयोजित होती रहें, ताकि ग्रामीण युवाओं को खेल को केवल मनोरंजन नहीं बल्कि करियर और राष्ट्रनिर्माण का सशक्त माध्यम बनाने का अवसर मिल सके।”