सीआरपीएफ जवान की ड्यूटी के दौरान हादसे में मौत, गांव में छाया मातम
चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र के मोलनापुर गांव का एक और सपूत देश की सेवा करते हुए वीरगति को प्राप्त हो गया। जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में ड्यूटी के लिए जा रहे सीआरपीएफ जवान अरविंद यादव की बस गहरी खाई में गिर जाने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं परिवार पर जैसे दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
बस खाई में गिरने से मौत
मूल रूप से मोलनापुर, पहाड़पुर निवासी 40 वर्षीय अरविंद यादव वर्ष 2010 में सीआरपीएफ में भर्ती हुए थे। वर्तमान में वे हवलदार के पद पर तैनात थे और किसी खास ड्यूटी के लिए उधमपुर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि बस उधमपुर जनपद के बसंतगढ़ इलाके के कन्दवा मार्ग पर एक 200 फीट गहरी खाई में गिर गई, जिससे जवान की मौके पर ही मौत हो गई।
घर मे छाया मातम
हादसा गुरुवार को हुआ और कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया। हर आंख नम और हर चेहरा शोकाकुल हो उठा।
गांव में पसरा मातम
परिजनों में पिता पंचम यादव, माता शांति देवी, पत्नी अर्चना यादव, पुत्र प्रतीक, पुत्री दीक्षा यादव, भाई अनिरुद्ध और बहन प्रियंका का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोगों ने बताया कि अअरविंद यादव मिलनसार और कर्तव्यनिष्ठ व्यक्तित्व के धनी थे। उनका असमय जाना गांव ही नहीं, पूरे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है।


















