चंदौली में एचडीएफसी बैंक की नई शुरुआत, डिजिटल बैंकिंग और युवा सपनों को मिला संबल

68

चंदौली में एचडीएफसी बैंक की नई शुरुआत, डिजिटल बैंकिंग और युवा सपनों को मिला संबल

चंदौली : एचडीएफसी बैंक और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें जिले की वित्तीय और सामाजिक प्रगति की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आर. जगथ साई ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के लाभार्थियों को सम्मानित किया और एचडीएफसी बैंक की चंदौली शाखा में अत्याधुनिक कैश रीसायक्लर मशीन (CRM) का शुभारंभ किया।

सिर्फ बैंक नही बदलाव का जरिया है एचडीएफसी : सीडीओ

सीडीओ आर. जगत साई ने बैंक की सामाजिक प्रतिबद्धता, पारदर्शिता और नैतिक नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि एचडीएफसी बैंक केवल एक वित्तीय संस्था नहीं, बल्कि सरकार की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का एक सशक्त माध्यम बन चुका है। उन्होंने कहा कि बैंक न केवल ग्राहकों की जरूरतों को समझता है, बल्कि उन्हें बेहतर विकल्पों की ओर भी प्रेरित करता है।

स्थानीय उद्योगों की प्रगति में एचडीएफसी बैंक की महत्वपूर्ण भागीदारी

उप आयुक्त, उद्योग विभाग, एस. के. यादव ने बैंक की आर्थिक समावेशन में सक्रिय भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि एचडीएफसी बैंक स्थानीय उद्योगों, छोटे व्यवसायों और नवाचारशील युवाओं को वित्तीय रूप से सशक्त बनाने में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।

बैंकिंग सेवाओं को आसान बनाएगी नई CRM मशीन

बैंक के क्लस्टर प्रमुख बालमुकुंद राय ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी गणमान्य अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि आधुनिक CRM मशीन के शुभारंभ से जिले में डिजिटल बैंकिंग क्रांति को नई गति मिलेगी। यह मशीन ग्राहकों को 24×7 नकद जमा और निकासी की सुविधा प्रदान करेगी, जिससे शाखा पर निर्भरता कम होगी और बैंकिंग सेवाएं अधिक सहज और सुलभ बनेंगी।

उन्होंने आगे बताया कि एचडीएफसी बैंक की चंदौली में वर्तमान में 7 शाखाएँ संचालित हैं, और बैंक का क्रेडिट-डिपॉजिट (CD) रेश्यो 150% है — जो यह दर्शाता है कि बैंक जिले की अर्थव्यवस्था को प्रगति की ओर ले जाने में सक्रिय भागीदार है।

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने जिला प्रशासन को सहयोग के लिए धन्यवाद देते हुए आश्वस्त किया कि एचडीएफसी बैंक समाज सशक्तिकरण, डिजिटल प्रगति और वित्तीय समावेशन के क्षेत्र में भविष्य में भी निरंतर योगदान करता रहेगा।

इस अवसर पर शाखा प्रबंधक कृष्णा मेहरोत्रा, रिलेशनशिप मैनेजर सौरभ श्रीवास्तव, रजनीश त्रिपाठी, राजेश गिरी, मनोज सिंह, अतीक अहमद, रहमत अली सहित बैंक और जिला प्रशासन के कई अधिकारी उपस्थित रहे।