वन विभाग में कार्यरत माली की बंधी में डूबने से मौत, गांव में मचा कोहराम

29

वन विभाग में कार्यरत माली की बंधी में डूबने से मौत, गांव में मचा कोहराम

चंदौली : चकरघट्टा थाना क्षेत्र के मंगरही ग्राम पंचायत अंतर्गत गहिला गांव में सोमवार की दोपहर एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया। वन विभाग में माली के पद पर तैनात 55 वर्षीय दूधनाथ यादव की सतनरवा बंधी में डूबने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

गहराई ने ली जान

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब दो बजे दूधनाथ यादव किसी कार्य से सतनरवा बंधी की ओर गए थे। बंधी के किनारे खड़े होने के दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वे असंतुलित होकर सीधे गहरे पानी में जा गिरे। पानी की गहराई और बंधी की फिसलन के कारण वे खुद को संभाल नहीं सके और डूबते चले गए।

ग्रामीणों की कोशिश रही नाकाम

घटना के समय बंधी के आसपास मौजूद कुछ लोगों ने उन्हें डूबते देखा और शोर मचाया। ग्रामीणों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक वह पानी में समा चुके थे। तत्काल इसकी सूचना परिजनों और पुलिस को दी गई।

पुलिस-ग्रामीणों ने चलाया रेस्क्यू अभियान

घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। चकरघट्टा थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव की तलाश शुरू करवाई। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अजय यादव ने भी ग्रामीणों के साथ मिलकर रेस्क्यू अभियान में सहयोग किया।

एक घंटे की मशक्कत के बाद मिला शव

लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दूधनाथ यादव का शव पानी से बाहर निकाला जा सका। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया है।

इस हादसे से गांव में शोक की लहर है। सभी ग्रामीण दूधनाथ यादव को एक मेहनती, विनम्र और मिलनसार व्यक्ति के रूप में याद कर रहे हैं। वन विभाग के सहयोगियों और अधिकारियों ने भी शोक संवेदना प्रकट की है।