चंदौली पुलिस का सराहनीय प्रयास, ग्रामीण महिलाओं में जागरूकता और आत्मविश्वास का संचार

25

चंदौली पुलिस का सराहनीय प्रयास, ग्रामीण महिलाओं में जागरूकता और आत्मविश्वास का संचार

चंदौली : महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं स्वावलंबन के लिए उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मिशन शक्ति अभियान (फेज-5) के अंतर्गत चंदौली पुलिस ने एक अनुकरणीय पहल की है। पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के कुशल निर्देशन में जनपद भर में महिला सुरक्षा और जागरूकता को लेकर व्यापक जनसंपर्क एवं चौपाल कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिसे ग्रामीण क्षेत्रों में भरपूर सराहना मिल रही है।

गांव-गांव चौपाल लगाकर महिलाओं को कर रही जागरूक

जनजागरूकता के इस अभियान के तहत महिला बीट पुलिस अधिकारी गांवों, कस्बों, बस स्टैंडों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर जाकर चौपालों के माध्यम से महिलाओं की समस्याएं सुन रही हैं और उन्हें समाधान उपलब्ध करा रही हैं। इन चौपालों में महिलाओं को न केवल उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया, बल्कि सरकारी योजनाओं और मदद से जुड़ी उपयोगी जानकारियां भी दी गईं।

आपात स्थिति में मिलेगी त्वरित मदत

पुलिस टीम द्वारा महिलाओं व बालिकाओं को वूमेन पावर लाइन-1090, पुलिस आपातकालीन सेवा-112, एम्बुलेंस सेवा-108, चाइल्ड लाइन-1098, महिला हेल्पलाइन-181, सीएम हेल्पलाइन-1076 और साइबर हेल्पलाइन-1930 जैसे आवश्यक हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई, ताकि वे किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता प्राप्त कर सकें।

महिला सुरक्षा और कल्याण पर फोकस

इसके अलावा महिलाओं को गुड टच-बैड टच, घरेलू हिंसा, साइबर क्राइम और अन्य सामाजिक चुनौतियों के प्रति सजग किया गया। कार्यक्रम के दौरान पम्पलेट वितरित कर उन्हें विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं जैसे मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मातृ वंदना योजना और विधवा/वृद्धावस्था पेंशन योजना की जानकारी भी दी गई।

महिला सशक्तिकरण की ओर मजबूत कदम

चंदौली पुलिस की यह जनकेंद्रित पहल महिलाओं को न केवल जागरूक बना रही है, बल्कि उनमें आत्मविश्वास और सुरक्षा की भावना भी जगा रही है। चौपालों में महिलाएं खुलकर अपनी समस्याएं साझा कर रही हैं और पुलिस भी मौके पर आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन दे रही है।

ग्रामीण बदलाव की नई इबारत लिख रही चंदौली पुलिस

ग्रामीण समाज में बदलाव की बयार लाने वाली यह पहल मिशन शक्ति अभियान को एक नई दिशा और ऊर्जा प्रदान कर रही है। चंदौली पुलिस का यह प्रयास महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सशक्त कदम के रूप में देखा जा रहा है।