85 परिषदीय विद्यालयों का एक साथ निरीक्षण, अनुपस्थित पाए गए शिक्षक-शिक्षा मित्रों पर हुई कड़ी कार्रवाई

66

85 परिषदीय विद्यालयों का एक साथ निरीक्षण, अनुपस्थित पाए गए शिक्षक-शिक्षा मित्रों पर हुई कड़ी कार्रवाई

चंदौली : जिले में शिक्षा व्यवस्था की गुणवत्ता सुनिश्चित करने एवं अनुशासन को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से एक महत्त्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देशानुसार जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) सचिन कुमार के नेतृत्व में विकास खण्ड सदर के अंतर्गत आने वाले कुल 85 परिषदीय विद्यालयों का व्यापक निरीक्षण किया गया। इस निरीक्षण अभियान में सभी खंड शिक्षा अधिकारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विद्यालयों की शैक्षिक, भौतिक तथा प्रशासनिक व्यवस्थाओं का बारीकी से मूल्यांकन किया। इस क्रम में 07 सहायक अध्यापक, 01 अनुदेशक एवं 10 शिक्षा मित्र अनुपस्थित पाए गए, जिनकी गैरहाजिरी को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रभाव से उनके वेतन/मानदेय को रोके जाने की कार्रवाई की गई है। साथ ही, सभी अनुपस्थित कार्मिकों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए निर्धारित समयसीमा में स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।

निरीक्षण टीम ने न केवल अनुपस्थिति पर अंकुश लगाने का प्रयास किया, बल्कि उन्होंने विद्यालयों के शिक्षकों को कई अहम दिशा-निर्देश भी दिए। इनमें प्रमुख रूप से “स्कूल चलो अभियान” के तहत छात्रों की उपस्थिति बढ़ाने, निपुण भारत मिशन के अंतर्गत निपुण तालिका के सतत उपयोग, शिक्षक डायरी के नियमित संधारण, तथा संचारी रोग नियंत्रण के मद्देनज़र विद्यालय परिसर की साफ-सफाई सुनिश्चित करने जैसे निर्देश शामिल थे।

निरीक्षण दल ने यह भी स्पष्ट किया कि विद्यालयों की शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार, छात्रों की निरंतर उपस्थिति तथा स्वच्छता जैसे पहलुओं पर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस व्यापक निरीक्षण अभियान ने यह स्पष्ट संकेत दिया है कि जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग परिषदीय विद्यालयों में अनुशासन, गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। आने वाले समय में भी इस तरह के औचक निरीक्षण जारी रहेंगे, ताकि शिक्षा व्यवस्था में सुधार को और गति दी जा सके।