कांवड़ यात्रा की तैयारी तेज़, चंदौली में हाईवे मार्ग पर चला प्रशासन का डंडा, अतिक्रमण हटाने के दिए निर्देश
चंदौली : आगामी कांवड़ यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए चंदौली प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में मुख्यालय स्थित रेलवे स्टेशन के अपोजिट बबुरी रोड, मझवार रोड से लेकर जिला अस्पताल तक के एनएचएआई हाईवे मार्ग पर सघन निरीक्षण किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर (आईपीएस) के निर्देशन में यह विशेष अभियान चलाया गया।
अवैध ठेले खुमचों को तीन दिन में हटाने का अल्टीमेटम
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सदर दिव्या ओझा, क्षेत्राधिकारी सदर देवेंद्र कुमार, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी डॉ. सर्वेश गौतम, एनएचएआई और राजस्व विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीम मौके पर पहुँची और सड़क किनारे अवैध रूप से लगे ठेले-खोमचे व दुकानों को तत्काल तीन दिवस के भीतर स्वयं अतिक्रमण हटाने का अल्टीमेटम दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि निर्धारित समयसीमा के भीतर अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो संबंधित विभाग द्वारा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
गस्ती वाहन, एम्बुलेंस व ट्रैफिक स्टाफ की तैनाती के निर्देश
अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर ने कहा कि कांवड़ यात्रा एक धार्मिक व सांस्कृतिक आयोजन है, जिसे सुगम और सुरक्षित बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि हाईवे पर यातायात सुचारु रखने हेतु आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की जाएँ। इसमें गश्ती वाहन, एम्बुलेंस, ट्रैफिक स्टाफ और आवश्यक संसाधनों की पूरी उपलब्धता भी शामिल है।
उन्होंने एनएचएआई अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर तीर्थयात्रियों की सुविधा हेतु विशेष व्यवस्था करें, जिससे आम जनता और कांवड़ यात्रियों दोनों को कोई असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान प्रशासन की ओर से उप जिलाधिकारी सदर दिव्या ओझा, सीओ सदर देवेंद्र कुमार, एआरटीओ डॉ. सर्वेश गौतम, एनएचएआई, राजस्व विभाग व पुलिस विभाग के अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।


















