हाइटेंशन तार की चपेट में आने से छात्र की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम
चंदौली : जनपद के बलुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत सराय रसूलपुर गांव में शनिवार को एक हृदय विदारक हादसे में 18 वर्षीय छात्र अनिकेत मौर्य की हाइटेंशन तार की चपेट में आकर मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं मृतक के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
पाइप खरीदने दुकान गया था अनिकेत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अनिकेत मौर्य सराय रसूलपुर गांव निवासी किसान भरत मौर्य का इकलौता पुत्र था। वह खण्डवारी देवी इंटर कॉलेज में इंटरमीडिएट (कक्षा 12वीं) का छात्र था और पढ़ाई में काफी होनहार माना जाता था। शनिवार को दोपहर में वह घर पर बारिश से बचाव के लिए टीनशेड लगाने हेतु आवश्यक सामान जुटा रहा था। इसी सिलसिले में वह पास की एक दुकान पर पाइप खरीदने गया था।
बीएचयू ट्रामा सेंटर में तोड़ा दम
दुकान के समीप से गुजर रही हाइटेंशन लाइन उसकी जान की दुश्मन बन गई। जैसे ही उसने पाइप को उठाया, वह ऊपर से गुजरे हाइटेंशन तार की चपेट में आ गया। तेज करंट लगने से वह मौके पर ही गंभीर रूप से झुलस गया। आस-पास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और तत्काल उसे स्थानीय चिकित्सक के पास ले जाया गया। हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उसे वाराणसी बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों का रो-रोकर हुआ बुरा हाल
मृतक की मौत की खबर जैसे ही उसके घर पहुंची, वहां कोहराम मच गया। पिता भरत मौर्य, मां गरिमा देवी और बड़ी बहन खुशी बदहवासी की स्थिति में आ गए। इकलौते बेटे को खोने के गम में परिवार पूरी तरह टूट गया है। पड़ोसी और रिश्तेदार उन्हें ढांढ़स बंधाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन परिवार का ग़म किसी से बंट नहीं रहा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाइटेंशन तार काफी नीचा है और पहले भी इसकी शिकायत की जा चुकी है, लेकिन विद्युत विभाग द्वारा कोई कार्यवाही नहीं की गई। ग्रामीणों ने विभागीय लापरवाही को हादसे का जिम्मेदार ठहराते हुए कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों की मांग
घटना के बाद ग्रामीणों में विद्युत विभाग के प्रति नाराज़गी देखी गई। उनका कहना है कि यदि समय रहते तार को ऊँचा कर दिया गया होता तो यह दर्दनाक हादसा टल सकता था। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को मुआवजा देने और लापरवाह अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।


















