खनन अधिकारी समेत अन्य के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत FIR दर्ज, गिट्टी लदी ट्रकों से अवैध वसूली का गंभीर आरोप

214

खनन अधिकारी समेत अन्य के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत FIR दर्ज, गिट्टी लदी ट्रकों से अवैध वसूली का गंभीर आरोप

चंदौली : जिले में भ्रष्टाचार को लेकर एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है, जहां खनन विभाग के अधिकारी गुलशन कुमार समेत अन्य के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। मामला अवैध वसूली से जुड़ा है, जिसमें खनन अधिकारी पर गिट्टी लदी ट्रकों को छोड़ने के एवज में भारी रकम मांगने का आरोप है।

यह एफआईआर सकलडीहा थाना क्षेत्र में दर्ज की गई है। शिकायतकर्ता गाड़ी मालिक बृजेश यादव ने आरोप लगाया है कि खनन अधिकारी गुलशन कुमार ने उनकी गिट्टी लदी गाड़ियों को छोड़ने के बदले एक लाख रुपये की मांग की थी। आरोप है कि अधिकारी द्वारा दो गाड़ियों को छोड़ने के लिए दो लाख रुपये वसूल लिए गए, जबकि बाकी दो गाड़ियों का चालान काट दिया गया।

इस पूरे प्रकरण की शिकायत बृजेश यादव ने वाराणसी ज़ोन के एडीजी (ADG) से की थी। एडीजी के संज्ञान लेने के बाद प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए चंदौली पुलिस ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज की और मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्रशासन में हड़कंप, कार्रवाई की उम्मीद

खनन विभाग के अधिकारी पर लगे इस गंभीर आरोप से जिले में प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है। आम जनता से लेकर ट्रांसपोर्ट से जुड़े व्यापारी वर्ग में इस कार्रवाई को लेकर चर्चा जोरों पर है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि जांच में क्या निष्कर्ष निकलते हैं और दोषियों पर क्या ठोस कार्रवाई होती है।

जनता की प्रतिक्रिया

मामले के उजागर होने के बाद ट्रक यूनियन और खनन कारोबारियों में रोष व्याप्त है। उनका कहना है कि यदि दोष सिद्ध होते हैं, तो दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसे भ्रष्टाचार पर लगाम लग सके।

सीओ सकलडीहा रघुराज ने दी जानकारी

इस बाबत सीओ सकलडीहा रघुराज ने बताया कि गाजीपुर जनपद के थाना नंदगंज अंतर्गत ग्राम दवोपुर निवासी बृजेश यादव पुत्र प्रताप यादव, जो जनपद सोनभद्र से खनिज (गिट्टी एवं मोरम) का परिवहन करते हैं, ने थाना सकलडीहा में एक प्रार्थना पत्र दिया है। बृजेश यादव ने आरोप लगाया है कि दिनांक 17 जून 2025 को चार गिट्टी लदी गाड़ियों को धानापुर रोड स्थित सकलडीहा चौराहे पर जनपद चंदौली के खनन अधिकारी ने अपने प्राइवेट वाहन व कुछ अन्य साथियों के साथ उनकी गाड़ियों को रोक लिया गया। आरोप है कि ड्राइवरों द्वारा वैध परमिट दिखाने के बावजूद खनन अधिकारी और उनके साथियों ने मारपीट की गई। प्रार्थना पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि उक्त अधिकारी ने दो गाड़ियों को पैसे लेकर छोड़ दिया, जबकि शेष दो गाड़ियों का चालान कर दिया गया। प्राप्त शिकायत के आधार पर थाना सकलडीहा में संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच एवं विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।