CDO ने बसारिकपुर में किया अमृत सरोवर और मनरेगा कार्यों का निरीक्षण, गुणवत्ता व पारदर्शिता पर दिया ज़ोर
चंदौली : मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं ने सोमवार को विकास कार्यों की धरातली हकीकत परखने के लिए सकलडीहा ब्लॉक के बसारिकपुर ग्राम पंचायत का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने अमृत सरोवर योजना और मनरेगा के तहत संचालित विकास परियोजनाओं की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए कि कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और जनसहभागिता प्राथमिकता में रहें।
कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने का निर्देश
CDO ने अमृत सरोवर योजना के तहत बनाए गए तालाब के सौंदर्यीकरण, जल संरक्षण प्रयासों और हरित परिदृश्य का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर उपस्थित अधिकारियों से कहा कि यह योजना केवल एक विकास परियोजना नहीं, बल्कि ग्रामीण जीवन की खुशहाली, जल संरक्षण और स्थानीय रोजगार सृजन का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने और समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
श्रमिकों के भुगतान व सुविधा की ली जानकारी
निरीक्षण के दौरान CDO ने मनरेगा के तहत कार्यरत श्रमिकों की मजदूरी भुगतान, कार्यस्थल सुविधाएं और जॉब कार्ड अद्यतन स्थिति की भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि श्रमिकों को समय से पारिश्रमिक, कार्यस्थल पर पेयजल व छाया की सुविधा, तथा योजनाओं की जानकारी सहज रूप में उपलब्ध कराना हर हाल में सुनिश्चित किया जाए।
समाधान दिवस में सुनी जनता की समस्याएं
बाद में CDO आर. जगत साईं ने सकलडीहा तहसील में आयोजित जन सुनवाई/समाधान दिवस में प्रतिभाग करते हुए जनता की समस्याएं सुनीं। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और मानवीय दृष्टिकोण से किया जाए। उन्होंने दो टूक कहा कि शासन की मंशा के अनुसार जनता को त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी सेवाएं देना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
उन्होंने भूमि विवाद, आवास, आयुष्मान भारत योजना, पेंशन, राशन कार्ड और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए त्वरित निस्तारण हेतु निर्देश दिए।
ये रहे मौजूद
इस दौरान उप जिलाधिकारी सकलडीहा कुंदन राज कपूर, तहसीलदार, ग्राम पंचायत अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारी व अधिकारी उपस्थित रहे।


















