बृजनन्दनी कान्वेंट स्कूल के मेधावियों ने बढ़ाया जनपद का मान, शानदार परिणाम से गूंजा चंदौली

177

बृजनन्दनी कान्वेंट स्कूल के मेधावियों ने बढ़ाया जनपद का मान, शानदार परिणाम से गूंजा चंदौली

चंदौली : चहनियां स्थित बृजनन्दनी कान्वेंट स्कूल ने एक बार फिर शिक्षा के क्षेत्र में अपना परचम लहराया है। विद्यालय के छात्रों ने इंटरमीडिएट व हाईस्कूल की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर न सिर्फ अपने परिवार व स्कूल का नाम रोशन किया, बल्कि पूरे जनपद को गौरवान्वित किया।

कक्षा 12वीं में सकलडीहा की रहने वाली अंजली तिवारी, पिता दीपक तिवारी ने 97 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में टॉप स्थान प्राप्त किया। अंजली की इस सफलता से विद्यालय परिसर में खुशी की लहर दौड़ गई। वहीं रमौली के विजय गुप्ता ने 92 प्रतिशत अंक प्राप्त किए।

इसके साथ ही नैढ़ी की ईकरा कादिर ने भी 12वीं में 92 प्रतिशत अंक हासिल कर मेधावी छात्रा होने का परिचय दिया। अंकित कुमारी ने 93 प्रतिशत अंक पाकर विद्यालय की सफलता सूची में अपना नाम दर्ज कराया।

हाईस्कूल के परिणाम भी कम प्रभावशाली नहीं रहे। डयौढा की वैष्णवी मिश्रा ने 10वीं में 96 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। अपेक्षा यादव ने भी 93 प्रतिशत अंकों के साथ दसवीं में शानदार प्रदर्शन किया।

विद्यालय प्रबंधन ने इन होनहार छात्रों की सफलता का विशेष रूप से सम्मान किया। विद्यालय के प्रबंधक श्री बिरजू प्रसाद अग्रहरी ने सभी मेधावी छात्रों को फूलों की माला पहनाकर, मिष्ठान खिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने इस अवसर पर कहा हमारा उद्देश्य केवल परीक्षा पास कराना नहीं, बल्कि छात्रों को उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा देकर उन्हें भविष्य के लिए तैयार करना है। हम चाहते हैं कि हमारे विद्यालय के छात्र अपने लक्ष्य को स्पष्ट रूप से पहचानें और उसी दिशा में आगे बढ़ें।

विद्यालय के शिक्षकों, अभिभावकों और अन्य विद्यार्थियों ने भी इन मेधावी छात्रों की उपलब्धियों पर हर्ष व्यक्त किया और उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। इस सफलता से स्पष्ट है कि बृजनन्दनी कान्वेंट स्कूल शिक्षा की गुणवत्ता और परिणामों के मामले में एक अग्रणी संस्थान बन चुका है।

यह परिणाम विद्यालय की सुदृढ़ शिक्षा प्रणाली, समर्पित शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की कठिन मेहनत का प्रमाण है।