एसडीएम और तहसीलदारों के तबादले से बदला जिम्मेदारियों का नक्शा

246

एसडीएम और तहसीलदारों के तबादले से बदला जिम्मेदारियों का नक्शा

चंदौली : जिले में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल हुआ है। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) बनीं हर्षिका सिंह के स्थानांतरण के बाद रिक्त हुई चंदौली सदर एसडीएम की कुर्सी पर देर रात नए अधिकारी की तैनाती कर दी गई। इस फेरबदल ने जिले की प्रशासनिक तस्वीर को एक बार फिर नया रूप दे दिया है।

ताजा आदेश के अनुसार, हाल ही में चकिया से नौगढ़ स्थानांतरित की गईं उप जिलाधिकारी (एसडीएम) दिव्या ओझा को पुनः मुख्यालय की कमान सौंप दी गई है। जिले के वर्तमान जिलाधिकारी ने दिव्या ओझा को जंगल और पहाड़ों से निकालकर सदर की जिम्मेदारी दी है। यह नियुक्ति उनकी प्रशासनिक दक्षता और अनुभव को देखते हुए की गई है। दिव्या ओझा अब चंदौली सदर की एसडीएम होंगी।

दूसरी ओर, उनके साथ कार्य कर रहे तहसीलदार अनुराग सिंह को भी तरक्की मिली है। उन्हें चंदौली सदर तहसील का नया तहसीलदार नियुक्त किया गया है। अनुराग सिंह की कार्यशैली और प्रशासनिक सजगता को देखते हुए उन्हें यह नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कलेक्ट्रेट में बतौर अतिरिक्त एसडीएम कार्यभार संभाल रहे आलोक कुमार को एक बार फिर नौगढ़ भेजा गया है। उल्लेखनीय है कि यह उनका दूसरी बार नौगढ़ स्थानांतरण है। उनकी जगह अब कलेक्ट्रेट में सभी प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन विराग पाण्डेय करेंगे। विराग पाण्डेय अब मुख्यालय पर प्रशासनिक समन्वय और नियंत्रण की भूमिका में नजर आएंगे।

सदर तहसीलदार सुरेश चंद्र शुक्ला को नौगढ़ की ओर स्थानांतरित कर दिया गया है। उन्हें ‘जंगल का रास्ता’ दिखाते हुए अब पहाड़ी और दूरस्थ इलाके की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इस प्रशासनिक फेरबदल से जिले में जिम्मेदारियों का संतुलन नए सिरे से स्थापित हुआ है। यह बदलाव न केवल प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करेगा, बल्कि जनता के प्रति जवाबदेही और सेवा में भी नयापन लाएगा।