पदोन्नति के साथ नयी जिम्मेदारी, नामेन्द्र रावत को सीओ पद पर मिला रैंक प्रतीक
चंदौली। शुक्रवार को जनपद चंदौली में पुलिस विभाग के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर रहा, जब पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे एवं पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) अनिल कुमार यादव ने पुलिस उपाधीक्षक (प्रशिक्षणाधीन) नामेन्द्र रावत को क्षेत्राधिकारी (सीओ) के पद पर पदोन्नति मिलने पर रैंक प्रतीक/स्टार लगाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्हें उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएँ भी दी गईं।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने नामेन्द्र रावत की कर्तव्यपरायणता और अनुशासन की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा में निष्ठा और ईमानदारी के साथ कार्य करना एक बड़ी जिम्मेदारी होती है, और रावत ने अपने कार्यकाल में इसे बखूबी निभाया है। उनकी पदोन्नति उनकी मेहनत और समर्पण का प्रतिफल है।
पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) अनिल कुमार यादव ने भी उन्हें बधाई देते हुए कहा कि पुलिस विभाग में पदोन्नति केवल अधिकारों की वृद्धि नहीं होती, बल्कि इसके साथ-साथ जिम्मेदारियाँ भी बढ़ जाती हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि नामेन्द्र रावत इसी निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते रहेंगे और जनपद की कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने में योगदान देंगे।
इस अवसर पर पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे। सभी ने नामेन्द्र रावत को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।


















