गाजीपुर के प्रॉपर्टी डीलर की चंदौली में निर्मम हत्या, वारदात के बाद हत्यारे फरार

309

गाजीपुर के प्रॉपर्टी डीलर की चंदौली में निर्मम हत्या, वारदात के बाद हत्यारे फरार

चंदौली : अलीनगर थाना क्षेत्र के नईकोट गांव के समीप बीती रात अज्ञात बदमाशों ने गाजीपुर निवासी 28 वर्षीय प्रॉपर्टी डीलर पवन यादव की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्यारों ने ईंट और लोहे की रॉड से उनके सिर पर वार कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी।

हत्या से पहले खेत में दौड़ाया, फिर उतारा मौत के घाट

जानकारी के अनुसार, पवन यादव गाजीपुर जिले के नंदगंज थाना क्षेत्र के निवासी थे और उनकी ससुराल चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र के जंसो की मड़ई गांव में थी। वे प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते थे और नईकोट गांव में अपने मकान का निर्माण करा रहे थे। इसके लिए वे प्रतिदिन ट्रैक्टर ट्रॉली से ड्रम में पानी भरकर ले जाते थे।

गुरुवार की रात करीब 10 बजे पवन अपनी ट्रैक्टर ट्रॉली से पानी लेकर जा रहे थे। जैसे ही वे जंसो की मड़ई यूनियन बैंक से आगे बढ़े, नहर पुलिया के पास स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और उन पर ईंट और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बदमाशों ने पवन को खेत में दौड़ा-दौड़ाकर पीटा और फिर सिर पर ईंट और रॉड से ताबड़तोड़ वार कर दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

पुलिस को मौके से मिली बदमाशों की गाड़ी

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। अलीनगर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल पवन को जिला अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस जांच के दौरान घटनास्थल से बदमाशों की एक गाड़ी बरामद हुई। बताया जा रहा है कि बदमाशों की संख्या करीब एक दर्जन थी और वे दो वाहनों से आए थे। आसपास के ग्रामीणों ने बताया कि घटना के बाद बिहार नंबर प्लेट लगी एक स्विफ्ट डिजायर कार बिना हेडलाइट जलाए तेजी से भागते हुए देखी गई थी, जिससे पुलिस को शक है कि वारदात में कई गाड़ियां शामिल थीं।

पुलिस ने की घटना स्थल की जांच, अपराधियों की तलाश जारी

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने मौके का निरीक्षण किया और जांच का आदेश दिया। इस संबंध में सीओ पीडीडीयू नगर आशुतोष ने बताया कि युवक की सिर कूच कर हत्या की गई है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। घटना के बाद आसपास के गांव के लोगों ने बिहार की नंबर प्लेट लगी स्विफ्ट डिजायर कार को बगैर हेडलाइट जलाए भागते हुए देखा था। इससे यह अंदेशा जताया जा रहा है कि बदमाश दो वाहनों से रहे होंगे। जिनकी संख्या भी करीब दर्जन भर रही होगी।

फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और घटनास्थल से मिले सुरागों के आधार पर हत्यारों की तलाश में जुटी है। प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश या प्रॉपर्टी विवाद हत्या की वजह हो सकती है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

परिवार में मचा कोहराम, गांव में दहशत

पवन की हत्या के बाद उनके परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, इस निर्मम हत्या से पूरे गांव में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। वही पुलिस इस मामले को सुलझाने के लिए हर संभव कोशिश कर रही है और उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।