दुबई कमाने गए शख्स की हार्ट अटैक से हुई मौत, परिजनों में मचा कोहराम

215

दुबई कमाने गए शख्स की हार्ट अटैक से हुई मौत, परिजनों में मचा कोहराम

चंदौली : दुबई कमाने गए चहनियां क्षेत्र के तिरगांवा गांव निवासी जयसिंह यादव की हार्ट अटैक से मौत हो गई. मौत की सूचना मिलते ही परिवार और पूरे गांव में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा. सिर्फ परिवार ही नहीं, जयसिंह की मौत से पूरा गांव शोक की लहर में डूबा हुआ है.

जानकारी के अनुसार तिरगांवा गांव निवासी जयसिंह यादव (उम्र 45 वर्ष) परिवार की माली हालत देखकर 20 वर्ष की आयु में ही दुबई कमाने चले गए थे. वे घर परिवार और गांव के लोगों के बीच काफी लोकप्रिय थे. लोग उनके आने का इंतज़ार करते थे. चार दिन पूर्व दुबई में उनकी हार्ट अटैक से मृत्यु हो गई थी. परिजनों के अथक प्रयास से बहुत सारी सरकारी औपचारिकताएं पूरी करने में चार दिन का समय लग गया. शनिवार को गांव में उनका पार्थिव शरीर पहुंचा. शव देखते ही परिजन चीखने चिल्लाने लगे. वही जयसिंह की मौत से वहां पर मौजूद हर किसी की आंखे नम थी. असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. पत्नी प्रेमशीला व दो बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है. वही गांव शव पहुंचते ही शोक संवेदना व्यक्त करने वालों की भारी भीड़ जुटी रही.